कैथल के युवकों से ऋषिकेश में मारपीट केस:उत्तराखंड में दो आरोपी गिरफ्तार, एसपी बोलीं- कानून को हाथ में लेना उचित नहीं

Spread the love

कैथल शहर के युवकों की उत्तराखंड ऋषिकेश में निर्वस्त्र कर पिटाई करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अन्य लोगों संग मिलकर कैथल के युवकों को बुरी तरह लात घूंसों से पीटा था। इस संबंध में एसपी देहात ऋषिकेश जया बलूनी ने पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि भीड़ द्वारा युवकों को पीटना सही नहीं था। अगर कोई बात थी, तो पहले पुलिस को सूचना देनी चाहिए थी। कानून को हाथ में लेना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले में कैथल के सतबीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 20 मई को वह अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने के लिए आया था। वहां पर एक महिला ने उनकी गाड़ी रोकी, जिसके साथ एक बच्ची भी थी। दोनों की बहस होने लगी और आसपास के लोग इकट्‌ठे हो गए। दोनों पक्षों की बात हो रही थी कि तभी कुछ लोगों ने इन युवकों से मारपीट शुरू कर दी। अभद्र व्यवहार कर किया जानलेवा हमला युवकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जानलेवा हमले की कोशिश की। इनकी गाड़ी भी तोड़ दी। वहां पर जो महिला थी, उसने 112 पर कॉल की। पुलिस ने मौके पर पहुंच युवकों को छुड़वाया। युवकों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। मामले में कुछ नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों ऋषिकेश निवासी अशोक थापा व नरेश कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। बाकियों की पहचान की जा रही है। क्या है पूरा मामला गलत इशारे करने पर भड़की भीड़ कैथल के सतीश कुमार अपने दोस्त सतबीर के साथ ऋषिकेश घूमने गए थे। बुधवार शाम वेन्यू गाड़ी (HR08AL9398) में सवार काली के ढाल के पास पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने अपनी मां के साथ आई एक 8 वर्षीय लड़की की तरफ कुछ इशारे किए। इसी दौरान भीड़ ने दोनों को पीटना शुरू कर दिया। वेन्यू कार पर पथराव किया। पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए। फिर दोनों को गाड़ी से बाहर घसीट लिया। उसके बाद शर्ट उतारकर पीटने लगे। कपड़े उतारकर सड़क पर नंगा घुमाया भीड़ ने दोनों युवकों के कपड़े उतारकर सड़क पर नंगा कर घुमाया। भीड़ को बढ़ता देख महिला ने पुलिस को इसकी सूचना दी। आईडीपीएल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पर्यटकों को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। HR नंबर गाड़ी देख किया टारगेट मामले में मारपीट का शिकार हुए सतीश कुमार ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में कहा-HR नंबर की गाड़ी देखकर हमें टारगेट किया गया है। हमने ऐसा कोई काम नहीं किया, जिससे किसी नाबालिग को परेशानी हो। हमने ऋषिकेश पुलिस को शिकायत दी है। अब उत्तराखंड में हरियाणा के टूरिस्टों को जान बूझकर प्रताड़ित किया जा रहा है। मां बोलीं- बेटी को इशारा किया था वहीं लड़की की मां ने बताया था कि गाड़ी में सवार युवकों ने उसकी बेटी को कुछ इशारा किया था। इस पर महिला ने गाड़ी रुकवाई। उनकी बातचीत के दौरान ही लोगों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। एसपी ने कहा कि मामले में मुख्य बात यह है कि जिस प्रकार भीड़ में शामिल लोगों ने युवकों से मारपीट की, वह उचित नहीं है। अगर कोई छेड़खानी जैसी घटना थी, तो पहले पुलिस को बताना चाहिए था। कानून को अपने हाथ में लेना किसी भी प्रकार से उचित नहीं है।