रोहतक के बाजार में दौड़ाई कार,VIDEO:सामने आई बाइकों को टक्कर मारता निकला युवक, एक किलोमीटर बाद पकड़ा; नशे में मिला

Spread the love

हरियाणा के रोहतक में सोमवार को एक बलेनो कार के ड्राइवर ने रेलवे रोड स्थित बाजार में तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाई। करीब एक किलोमीटर के दायरे में उसने लगभग 15 बाइकों और एक ऑटो को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस दौरान किसी को गंभीर चोट नहीं आई। लोगों ने बड़ी मुश्किल से पुरानी अनाज मंडी के पास कार को रुकवाया। कार चला रहे युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक देखने में नाबालिग लग रहा था और उसने नशा किया हुआ था। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक युवक की उम्र और उसके नशे में होने की पुष्टि नहीं की गई है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… झज्जर रोड से बाजार में घुसी कार घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्य हरिओम पंडित ने बताया कि वह झज्जर रोड से रैपिडो बाइक राइड बुक कर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बलेनो कार झज्जर रोड से रेलवे रोड होते हुए बाजार में घुस गई और सामने आ रहे बाइक सवारों को टक्कर मारने लगी। पीछा कर कार का वीडियो बनाया हरिओम ने आगे बताया कि कार ने उस स्कूटी को भी टक्कर मारी, जिस पर वह सवार थे। इसके बाद राइडर ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। उन्होंने कार का वीडियो भी बना लिया। कार अग्रसेन चौक से होते हुए पुरानी अनाज मंडी में जाकर फंस गई। तब तक कार आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। साइड में बैठा युवक भागा, ड्राइवर पकड़ा कार की आगे वाली सीट पर बैठा युवक दरवाजा खोलकर फरार हो गया, जबकि कार चला रहे युवक को लोगों ने पकड़ लिया। युवक देखने में नशे में लग रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मदीना गांव का रहने वाला है। SHO बोले- युवक से पूछताछ कर रहे सिटी थाना SHO रमेश ने बताया कि बाजार में वाहनों को टक्कर मारते हुए एक कार जा रही थी, जिसके ड्राइवर को सूचना मिलने के बाद पकड़ा गया है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। जल्द ही मामले के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी।