कार ने ऑटो को टक्कर मारी, दो की मौत:करनाल से कैथल लौट रहे थे; 7 लोग घायल, ड्राइवर हादसे के बाद भागा

Spread the love

हरियाणा के कैथल में एक कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। घटना के बाद ड्राइवर कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घायलों को कैथल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑटो सवार लोग सोमवार को सेरधा गांव से करनाल के असंध में तूड़ी ढोने का काम करने के लिए गए थे। देर रात वहां से लौटते समय राजौंद के पास हादसा हो गया। राजौंद पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। तूड़ी ढुलाई का काम करने गए सभी मृतकों की पहचान सेरधा गांव निवासी सुनील (50) और शमशेर (45) के तौर पर हुई। घायलों में बलकार, पवन, कुलदीप, राजेश, नवाब सिंह, जॉनी और प्रवीन शामिल हैं। सभी तूड़ी ढुलाई का काम करने के लिए असंध गए थे। अब जानिए घायलों ने क्या बताया…. राजौंद में नहर के पास हादसा घायल प्रवीण ने बताया कि हम साढ़े 10 बजे असंध से चले थे। राजौंद की नहर के पास सामने से एक तेज रफ्तार कार आई। ऑटो वाले ने उसे देखकर ब्रेक भी लगाए, लेकिन कार ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो में हम 10 लोग थे। सुनील की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे व्यक्ति ने चंडीगढ़ में दम तोड़ा प्रवीण ने आगे बताया कि सभी घायलों को कैथल के सिविल अस्पताल ले जाया गया। यहां से शमशेर को चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया। वहां उसने भी दम तोड़ दिया। एक को रोहतक PGI रेफर किया गया है। बाकी का यहीं सिविल अस्प्ताल में इलाज चल रहा है। कार ड्राइवर बिना रुके भागा दूसरे घायल राजेश ने बताया कि घटना के बाद पुलिस के कर्मचारी अस्पताल आए थे। उन्होंने घायलों के बयान दर्ज किए। उन्होंने कार ड्राइवर के खिलाफ शिकायत दी है। टक्कर मारने के बाद वह कार को वहीं छोड़कर भाग गया था। SHO बोले- ड्राइवर की तलाश कर रहे राजौंद थाने के SHO थाना सतपाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस संबंध में पुलिस के पास घायलों की शिकायत आई है। पुलिस ने अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।