रोहतक जिले के गांव सुनारिया कला के खेतों में एक व्यक्ति का शव पानी की मोटर पर पड़ा मिला। परिजनों ने सुबह शव देखा, तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह भेज दिया। मृतक की पहचान 45 वर्षीय राम दर्शन पुत्र लख्मीचंद के रूप में हुई, जो देर रात को खेतों में पानी देने गया था। इसी दौरान पानी की मोटर में करंट आने से उनकी मौत हो गई। परिवार के लोग सुबह जब खेत में पहुंचे तो राम दर्शन का शव मोटर पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पानी की मोटर के पास लगा ट्रांसफार्मर राम दर्शन खेत में रात के समय पानी लगाने गया था। जहां पानी की मोटर लगी थी, वहां बिजली का ट्रांसफॉर्मर भी लगा हुआ है। गांव में रात 10 बजे बिजली आती है, इसलिए रोजाना की तरह राम दर्शन रात को पानी लगाने गया था, लेकिन मोटर में करंट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। ठेके पर ले रखी थी साढ़े 7 एकड़ जमीन राम दर्शन के पास खुद की जमीन नहीं थी, बल्कि साढे 7 एकड़ जमीन ठेके पर ले रखी थी। खेतों में गेंहू की फसल पकने पर थी। राम दर्शन के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक करीब 12 साल व दूसरा करीब 10 साल का लड़का है। दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने बताया कि गांव सुनारियां कलां के खेतों में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
रोहतक में करंट लगने से व्यक्ति की मौत:खेतों में फसल को पानी देने गया था; मोटर पर पड़ा मिला शव
