कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी के आढ़ती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आढ़ती पिछले कुछ समय से व्यापार और प्रॉपर्टी से जुड़ी समस्याओं की वजह से मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार को सौंप दिया है। मृतक की पहचान राममेहर (42) के रूप में हुई, जो आकाश नगर के रहने वाले थे। राममेहर की नई अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। दोपहर करीब 12 बजे उन्होंने अपनी दुकान पर ही कोई जहरीली चीज खा ली। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उन्हें तुरंत प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां से उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो बेटियों के पिता थे राममेहर करनाल जिले के रहने वाले राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि मेरी बहन नीलम की शादी करीब 20 साल पहले राममेहर के साथ हुई थी। शादी से उनके दो बेटियां हैं। उसके जीजा अपने व्यापार और कुछ प्रॉपर्टी के लेन-देन को लेकर काफी समय से परेशान चल रहे थे। उनको सूचना मिली कि राममेहर ने दुकान पर जहर खा लिया है। परिजनों ने किसी पर शक नहीं जताया इसके बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना कृष्णा गेट के अंतर्गत सुभाष मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, परिवार ने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। मृतक के रिश्तेदार राजेश कादियान के बयान दर्ज किए गए हैं। उधर, थाना कृष्णा गेट के SHO बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।
कुरुक्षेत्र में जहरीला पदार्थ निगलने से आढ़ती की मौत:व्यापार और प्रॉपर्टी को लेकर डिप्रेशन में था; 2 बेटियों का पिता था
