दमोह के फुटेरा वार्ड तीन में एक शिक्षक के मकान के पिलर की खुदाई के दौरान चांदी के सिक्के मिलने से हड़कंप मच गया। मजदूरों ने दावा किया कि उन्हें 35 किलो से अधिक चांदी के सिक्के और कुछ चांदी की रॉड मिली थीं, जिन्हें मकान मालिक बाल्टी में भरकर ले गए। हिस्सा नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सिक्के ब्रिटिश कालीन बताए जा रहे हैं, जिन पर महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम की तस्वीर बनी है। मामला शनिवार दोपहर का है। पुलिस को रात में सूचना मिली। रविवार दोपहर कोतवाली टीआई मनीष कुमार, नायब तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी, तहसीलदार रोबिन सिंह और पुरातत्व विभाग से शुभम अरजरिया मौके पर पहुंचे। जिस पिलर के गड्ढे में खुदाई हुई थी, उसका निरीक्षण किया गया। इसके बाद मकान मालिक आलोक सोनी के पास से सिक्के बरामद किए गए। सामने बने एक घर में स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखे कुछ सिक्के भी बरामद किए गए। 3 तस्वीरें देखिए…. 42 चांदी के सिक्के बरामद कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि फुटेरा वार्ड तीन में सूचना मिली थी कि मकान निर्माण के दौरान मजदूरों को खुदाई में पीतल का पाट मिला। सुबह आलोक सोनी कोतवाली पहुंचे और बताया कि पीतल के बर्तन में चांदी के कुछ सिक्के मिले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूरों को भी बुलाया गया। आलोक सोनी के पास से 42 चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। मजदूरों का कहना है कि सिक्के एक बाल्टी में भरे गए थे और उनकी संख्या ज्यादा थी। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है। कई चांदी के सिक्के और कुछ चांदी की रॉड निकलीं फुटेरा वार्ड क्रमांक 3 में रहने वाले शासकीय शिक्षक आलोक सोनी के पैतृक मकान में पिलर की खुदाई के दौरान चांदी के सिक्के मिले। हथना गांव के मजदूर हीरा पटेल ने बताया कि शनिवार दोपहर पहले एक पीतल का कलश मिला, जिसमें चांदी का एक सिक्का था। आगे खुदाई करने पर मिट्टी से कई चांदी के सिक्के और कुछ चांदी की रॉड निकलीं। मजदूरों ने हिस्सा मांगा तो उन्हें 500 रुपए देकर भगाया हीरा पटेल के अनुसार, उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी, जिन्होंने और खुदाई करने को कहा। इसके बाद मकान मालिक ने सभी सिक्के बाल्टी में भरकर रख लिए। मजदूरों ने हिस्सा मांगा तो उन्हें 500 रुपए देकर भगा दिया गया। इसके बाद मजदूर गांव पहुंचे और पूर्व सरपंच मुरारी तिवारी को जानकारी दी। सरपंच ने पुलिस को सूचना दी। मकान मालिक बोला- मजदूर दबाव बनाने झूठ बोल रहे मकान मालिक आलोक सोनी ने कहा कि यह उनका पैतृक मकान है। शनिवार दोपहर मजदूरों को एक कलश मिला, जिसमें एक सिक्का था। आगे खुदाई में 42 चांदी के सिक्के निकले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूर दबाव बनाने के लिए 35 किलो चांदी के सिक्के मिलने की झूठी बात कह रहे हैं। सिक्कों पर महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम की तस्वीर पुरातत्व विभाग के अधिकारी शुभम झरिया ने बताया कि सिक्के 18वीं-19वीं शताब्दी के ब्रिटिश कालीन हैं। इन पर महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम की तस्वीर बनी है। सिक्कों की कीमत का अभी आकलन नहीं हुआ है। इसकी सूचना जबलपुर के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और आगे की जांच वही करेंगे।
खुदाई में मिले ब्रिटिशकालीन सिल्वर कॉइन:मकान मालिक ने हिस्सा नहीं दिया तो मजदूर पुलिस के पास पहुंचे; दावा-सिक्कों का वजन 35 किलो से ज्यादा
