MP में ईद की छुट्‌टी अब 28 मई को:पहले 27 मई को अवकाश घोषित हुआ था; बैंक भी बंद रहेंगे

Spread the love

ईद उल जुहा (बकरीद) की सरकारी छुट्‌टी अब 27 की बजाय 28 मई को रहेगी। राज्य शासन ने सोमवार शाम को इसके आदेश जारी कर दिए। इसके मुताबिक, 27 मई को सभी सरकारी दफ्तर और बैंक खुले रहेंगे, लेकिन 28 मई को बंद रहेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने यह आदेश जारी किए। बता दें कि पहले बैंकों की भी 27 मई को ही छुट्‌टी थी। इसके चलते यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस मध्य प्रदेश ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की थी कि बैंकों का हॉली-डे 28 मई को ही रखा जाए। संगठन के कोऑर्डिनेटर वीके शर्मा ने बताया, मुख्यमंत्री से आग्रह किया था कि ईद के अवसर पर बैंक एवं वित्तीय संस्थानों में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के अंतर्गत पूर्व में घोषित 27 मई के अवकाश को संशोधित कर 28 मई घोषित किया जाए। दिल्ली और गुजरात में भी सरकारों ने पूर्व घोषित अवकाश में संशोधन किया है और वहां अब 28 मई को ही अवकाश रहेगा। इसके चलते सेामवार को राज्य शासन ने यह आदेश जारी किए। इसलिए की जा रही थी मांग पहले बैंक और सरकारी अन्य दफ्तरों की छुट्‌टी 27 मई को ही घोषित की गई थी, लेकिन ईद अब 28 मई को है। इसलिए कर्मचारी संगठन मांग कर रहे थे। उनका मानना था कि वास्तविक त्योहार की तिथि पर अवकाश घोषित किया जाना आवश्यक है। ताकि सरकारी ऑफिस, बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के कर्मचारी एवं अधिकारी धार्मिक पर्व को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मना सकें।