सोनीपत में जमीनी विवाद पर चले लाठी-डंडे, VIDEO:दावा- 100 से ज्यादा लोगों ने हमला किया, महिलाओं को घसीटा; ईंटें बरसाईं

Spread the love

सोनीपत के गोहाना में पैतृक जमीन को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। दोनों के बीच लाठी डंडे चले और ईंटे भी मारी गई। यहां तक की महिलाएं भी एक दूसरे पर हमला करती दिखीं। आरोप है कि हमलावरों ने रिवॉल्वर लहराकर धमकाया और बट से भी हमला किया। गोहाना के अशोक का कहना है कि बीते दिन अचानक 100 से ज्यादा लोग उनके प्लॉट पर आ गए और जमीन को अपनी बताने लगे। जब विरोध किया तो वो मारपीट करने लगे। महिलाओं के साथ अभद्रता भी की गई। आरोपी महिलाओं को जबरदस्ती घसीटते हुए गाड़ी में डालकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। परिवार ने जब शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। वारदात का वीडियो भी सामने आया है। कुछ युवक दीवार तोड़कर ट्रैक्टर ट्राली में ईंट डालते हुए नजर आए हैं और मारपीट भी करते हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि उसने मेडिकल रिपोर्ट और मौके की जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पहले जानिए VIDEO में क्या दिख रहा… वीडियो में ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट भरते दिखे युवक घटनास्थल से जुड़े कई वीडियो भी सामने आए हैं। शुरुआती वीडियो में कुछ युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट भरते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इन्हीं ईंटों को ले जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। डंडों और ईंटों से हमला कर रहे वायरल वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति को डंडों से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर एक महिला के साथ भी मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंटें फेंकते हुए भी देखे जा सकते हैं। जान बचाकर भागते दिखे लोग हंगामे और मारपीट के दौरान मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। वीडियो में कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पूरे घटनाक्रम से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना के दौरान मारपीट के PHOTOS… अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… निर्माणाधीन मकान पर ईंट उठाने पर विवाद गोहाना की एकता कॉलोनी के रहने वाले अशोक ने देवीपुरा चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका कॉलोनी में दादा लाई (पैतृक जमीन) करीबन 400 वर्ग गज का एक प्लॉट है और उस पर उन्होंने चारदिवारी की हुई थी। 6 मई 2026 की सुबह करीब 10 बजे कुछ लोग आते हैं और प्लॉट को अपना बताने लगते हैं। तभी सोनू, पप्पू, विन्नी, अनिल, मनोज, मुकेश, विकास, राजेंद्र, रितु, ईश्वर समेत अन्य लोग उनके निर्माणाधीन मकान पर पहुंचकर ईंटें ट्रॉलियों में भरकर ले जाने लगते हैं। जब विरोध किया गया तो उन्होंने हमला बोल दिया। कॉलोनी में स्थित जमीन पर जताया अपना अधिकार अशोक के ही परिवार के रोहतास ने बताया कि उनके ताऊ के बेटे अनिल और परिवार के अन्य सदस्यों ने अपनी हिस्सेदारी की दूसरी जमीन पहले ही बेच दी थी और अब उनकी जमीन पर भी कब्जा कर उसे बेचने की कोशिश कर रहे हैं। रोहतास का कहना है कि कॉलोनी में मौजूद यह जमीन उनके हिस्से में आती है। उन्होंने दावा किया कि जमीन की रजिस्ट्री अभी संयुक्त है और उसी में उनके ताऊ के परिवार के नाम भी दर्ज हैं। इसी वजह से दूसरी तरफ के लोग जमीन पर दावा जताकर कब्जा करना चाहते हैं। रोहतास ने कहा कि संबंधित जमीन की जमाबंदी, फर्द और इंतकाल उनके नाम दर्ज हैं। जेसीबी से गेट और चारदीवारी तोड़ने का आरोप पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन्होंने अपने प्लॉट के चारों ओर दीवार और गेट लगवाया हुआ था, लेकिन ताऊ के परिवार के लोगों ने जेसीबी मशीन बुलाकर गेट और चारदीवारी को गिरा दिया। इस घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। अशोक के अनुसार जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर मौके पर पुलिस बुला ली। शिकायतकर्ता का कहना है कि पुलिस के पहुंचने के बाद वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों को ईंटें ले जाने से रोकने का प्रयास किया। विरोध करने पर परिवार पर हमला करने का आरोप शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने अशोक, रोहताश, पूनम बाला, रीना और रवि के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने लाठी-डंडों और रिवॉल्वर के बट से हमला किया। अशोक ने अपनी शिकायत में कहा कि कुछ आरोपियों ने उनकी कनपटी पर रिवॉल्वर भी लगा दी और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घायलों को खानपुर PGI किया रेफर घटना के बाद घायल परिवार को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल गोहाना ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अशोक, रोहताश और पूनम का मेडिकल किया। मेडिकल रिपोर्ट में पूनम के शरीर पर दो चोटें दर्ज की गईं और सर्जन की राय लेने की सलाह दी गई। रोहताश के शरीर पर भी दो चोटें मिली, जबकि अशोक के शरीर पर कुल पांच चोटें मिली, जिनमें से कुछ के लिए ऑर्थोपेडिक सर्जन को दिखाने को कहा गया। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने घायलों को बीपीएस मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार बाद में रोहताश और पूनम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच मामले की सूचना मिलने के बाद चौकी देवीपुरा के हेड कांस्टेबल हरेंद्र पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मेडिकल रिपोर्ट हासिल की। बाद में पुलिस टीम एकता कॉलोनी स्थित घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, झगड़े की एक वीडियो भी सामने आई है। वीडियो और मौके की जांच के आधार पर पुलिस ने कई आरोपों को संदिग्ध बताया है। पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि जांच के दौरान पाया कि शिकायत में लगाए गए कुछ गंभीर आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी। रिवॉल्वर लहराने, घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़ करने, महिलाओं को जबरदस्ती गाड़ी में डालने जैसी बातों के कोई सबूत नहीं मिले हैं। हालांकि, पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर झगड़ा और मारपीट की घटना को सही पाया है।