करनाल में महिला की गला दबाकर हत्या की कोशिश VIDEO:स्कूल वैन ड्राइवर ने किया लूट का प्रयास, पड़ोसियों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

Spread the love

करनाल में केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के आवासीय परिसर में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक स्कूल वैन चालक ने वैज्ञानिक के घर में घुसकर अकेली बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया और गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। वारदात के दौरान लूटपाट का भी प्रयास किया गया, लेकिन महिला की चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। शनिवार आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। झूठ बोलकर घर में घुसा आरोपी पुलिस के अनुसार, डॉ. अमरेश चौधरी का ढाई साल का बेटा कैम्ब्रिज मोंटेसरी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। उसे लाने-ले जाने का काम कृष्णकांत नामक वैन ड्राइवर करता था। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे जब घर में 62 वर्षीय सुमन देवी अकेली थीं, तब कृष्णकांत चारदीवारी फांदकर क्वार्टर डी-15 में पहुंचा। उसने दरवाजे की घंटी बजाकर झूठ बोला कि पोते की तबीयत खराब है और कपड़े बदलने हैं, फिर शौचालय जाने का बहाना बनाकर अंदर चला गया। गला दबाकर हत्या की कोशिश, चेन लूटने का प्रयास शिकायत के मुताबिक, शौचालय से बाहर आते ही कृष्णकांत ने जेब से कपड़ा निकालकर पीछे से सुमन देवी पर हमला कर दिया। उसने उनका गला दबाया और सोने की चेन लूटने की कोशिश की। इस दौरान हुई मारपीट में महिला के चेहरे, सिर और गले पर गंभीर चोटें आईं। पड़ोसियों ने दिखाई सूझबूझ, मौके पर पकड़ा महिला की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले डॉ. असीम दत्ता और माण्डवी यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्हें देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन संस्थान की बाहरी दीवार पर लगे सुरक्षात्मक तारों में उसका हाथ फंस गया। इस दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना देकर आरोपी को रामनगर पुलिस के हवाले कर दिया। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। पुलिस को फुटेज सौंप दी गई है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। डॉ. अमरेश चौधरी की शिकायत पर रामनगर थाने में मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि आरोपी कृष्णकांत को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।