चुनाव से पहले यूपी भाजपा की नई टीम का ऐलान:पूजा पाल को उपाध्यक्ष बनाया, राजनाथ के छोटे बेटे की भी एंट्री

Spread the love

विधानसभा चुनाव से पहले यूपी भाजपा ने गुरुवार को अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया। 64 नाम की इस लिस्ट में 52 लोगों को प्रदेश कार्यकारिणी यानी प्रदेश टीम में जगह मिली है। इनमें 19 उपाध्यक्ष, 19 मंत्री, 8 महामंत्री और 6 मोर्चा अध्यक्ष हैं। अब इसके अलावा, 6 क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, 3 कार्यालय मंत्री और 3 अन्य पदाधिकारी भी बनाए गए हैं। सपा से बगापत करने वालीं विधायक पूजा पाल को उपाध्यक्ष बनाया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह की भी प्रदेश टीम में एंट्री हुई है। उन्हें उपाध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा, प्रतापगढ़ के रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के करीबी मांट के विधायक राजेश चौधरी और अभिजात मिश्रा को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। गृहमंत्री अमित शाह के पीए अंकुर शर्मा को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पत्रकार यतेंद्र शर्मा को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पूर्व मंत्री सुरेश राणा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को मिलाकर अब 54 लोगों की टीम हो गई है। टीम में 13 महिलाएं हैं। पिछली बार की तुलना करें तो ओबीसी की संख्या 16 से बढ़कर 25 हो गई है। अनुसूचित जाति की संख्या 8 से घटकर पांच रह गई है। ठाकुरों की संख्या 7 से घटकर 6 और ब्राह्मणों की संख्या 8 से घटकर 6 हो गई है। गुर्जर और भूमिहार से 3-3 और वैश्य समुदाय से 2 लोगों को जगह मिली है। पिछली कार्यकारिणी में 18 उपाध्यक्ष थे। इस बार 19 उपाध्यक्ष हैं। इनमें सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, मोहित बेनीवाल और धर्मेंद्र सिंह यानी 4 चेहरों को रिपीट किया गया है। बाकी 15 चेहरे नए शामिल किए गए हैं। पंकज चौधरी 14 दिसंबर 2025 को यूपी भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। उनके अध्यक्ष बनने के छह महीने बाद प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। देखिए पूरी लिस्ट अब बड़े नामों के बारे में पढ़िए- सभी 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष बदले इन्हें मिला प्रमोशन अभिजात मिश्रा को प्रदेश मंत्री से पदोन्नत कर प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। अर्चना मिश्रा को भी प्रदेश मंत्री से पदोन्नत कर प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। गीता शाक्य को महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष से पदोन्नत कर भाजपा का प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। प्रदेश मंत्री शंकर लोधी को पदोन्नत कर प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। काशी के क्षेत्रीय अध्यक्ष रहे दिलीप पटेल को भी प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। जानिए नई टीम की अहमियत क्यों ज्यादा? 2027 विधानसभा चुनाव की पूरी जिम्मेदारी अब पंकज चौधरी की नई टीम की होगी। यह यूपी में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह का पहला विधानसभा चुनाव होगा। हालांकि, उन्हें झारखंड चुनाव का अनुभव है। नई टीम ही प्रचार, चुनाव प्रबंधन, सदस्यता अभियान और रैलियों की कमान संभालेगी। केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के फैसलों को जमीन पर उतारना भी इसी टीम की जिम्मेदारी होगी। राजनीति के जानकारों का कहना है कि चुनावी साल में प्रदेश पदाधिकारी की अहमियत मंत्री जैसी होती है। यही वजह है कि पुराने पदाधिकारी टीम का हिस्सा बने रहना चाहते थे।