लखनऊ में SIT के सामने पेश हुए संजय सिंह:बोले- श्रीराम मंदिर जमीन घोटाले के सबूत दिए, कल केजरीवाल करेंगे रामलला का दर्शन

Spread the love

अयोध्या श्रीराम मंदिर दान प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) के सामने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पेश हुए। उन्होंने श्रीराम मंदिर जमीन घोटाले से संबंधित दस्तावेज सौंपा। लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत SIT के अध्यक्ष हैं। संजय सिंह गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे। संजय सिंह का दावा है कि उनके पास भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य थे। जिन्हें उन्होंने जांच टीम को सौंपा है। उनका कहना है कि इन दस्तावेजों से पूरे मामले में हुई गड़बड़ियों की परतें खुल सकती हैं। विजय विश्वास पंत ने मामले में आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। लखनऊ मंडलायुक्त कार्यालय में जांच टीम से मिले संजय सिंह ने कहा कि किसी भी संवेदनशील मामले की निष्पक्ष जांच तभी संभव है, जब सभी पक्षों के पास मौजूद तथ्य और प्रमाण जांच एजेंसी तक पहुंचें। इसी उद्देश्य से वह स्वयं जांच टीम के सामने उपस्थित होकर अपना पक्ष और दस्तावेज प्रस्तुत किया। दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताओं के संकेत होने का दावा संजय सिंह का कहना है कि उनके पास मौजूद दस्तावेज भ्रष्टाचार की ओर स्पष्ट संकेत करते हैं। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसी को उपलब्ध कराए जाने वाले साक्ष्यों में ऐसे तथ्य शामिल हैं, जिनकी गहन पड़ताल आवश्यक है। उनके अनुसार यदि इन दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच की जाती है तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। अतिरिक्त साक्ष्य देने के लिए पहले मांगा था समय आप सांसद ने बताया कि उन्होंने पहले ही एसआईटी से अतिरिक्त दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा था। उनके अनुसार जांच दल ने उन्हें पूरा अवसर देने का आश्वासन दिया था। संजय सिंह ने कहा कि एसआईटी अध्यक्ष ने स्वयं उनसे संपर्क कर जांच में सहयोग के लिए बुलाया। उन्होंने कहा कि वह अपने पास उपलब्ध सभी तथ्यों को जांच टीम के समक्ष रखा और जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे। मुख्यमंत्री के बयान का किया जिक्र संजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि यदि किसी व्यक्ति के पास मामले से जुड़े साक्ष्य हैं तो उन्हें जांच एजेंसी को उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह उसी अपील के अनुरूप एसआईटी के समक्ष आए। अपने पास उपलब्ध दस्तावेज जांच टीम को सौंपा। 26 जून रामलला का दर्शन करेंगे अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज लखनऊ एयरपोर्ट पर आएंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से अयोध्या जाएंगे। अयोध्या में रात्रि विश्राम के बाद 26 जून को रामलला का दर्शन करेंगे। हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना करेंगे। वह संत-महात्माओं से भी मुलाकात करेंगे। राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस दौरे को राम मंदिर दान प्रकरण और उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। SIT की जांच पर टिकी हैं निगाहें राम मंदिर दान प्रकरण को लेकर पहले से ही राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। ऐसे में संजय सिंह द्वारा एसआईटी को दस्तावेज सौंपे जाने के बाद जांच की दिशा और संभावित निष्कर्षों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच टीम को सौंपे जाने वाले दस्तावेजों में कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं और एसआईटी उन्हें अपनी जांच में किस प्रकार शामिल करती है।