पुणे पोर्श-कांड में आरोपियों के जश्न का वीडियो सामने आया:मृतक के पिता बोले- आरोपी परिवार में लाज-शर्म नहीं, आरोपी के पिता की जमानत रद्द हो

Spread the love

महाराष्ट्र के पुणे में मई 2024 में हुए चर्चित पोर्श कार हादसे को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। यह मामला पुणे के कल्याणी नगर इलाके का है, जहां एक तेज रफ्तार पोर्श कार ने दो आईटी इंजीनियर्स को कुचल दिया था। इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हाल ही में आरोपी नाबालिग के पिता को जमानत मिलने के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें परिवार को पार्टी करते और डांस करते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर पीड़ित परिवार ने नाराजगी जताई है। नाबालिग ने शराब के नशे में चढ़ा दी थी कार यह हादसा 19 मई 2024 को पुणे में हुआ था। शराब के नशे में एक नाबालिग युवक लग्जरी पोर्श कार चला रहा था, जिसने दो सॉफ्टवेयर इंजीनियरों को कुचल दिया था। इस हादसे में जबलपुर की रहने वाली अश्विनी कोष्टा और उमरिया के रहने वाले अनीश अवधिया की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश देखने को मिला था। पीड़ित परिवार बोला- आरोपी परिवार का व्यवहार असंवेदनशील जबलपुर के मृत इंजीनियर अश्विनी कोष्ठा के पिता ने कहा कि आरोपी परिवार का व्यवहार बेहद असंवेदनशील है और यह पूरे मामले में पीड़ितों के दर्द का मजाक उड़ाने जैसा है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार के नाबालिग बेटे की लापरवाही से दो युवाओं की जान गई, उसी परिवार का इस तरह जश्न मनाना समझ से परे है। पिता ने यह भी कहा कि आरोपी पक्ष में न तो लाज बची है और न ही शर्म, और ऐसा लग रहा है कि उनमें मानवता भी खत्म हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की हरकतों से पीड़ित परिवारों के जख्म और गहरे होते हैं और कानून का भी मजाक बनता है। साथ ही उन्होंने मांग की कि आरोपी को मिली जमानत पर पुनर्विचार किया जाए और न्याय प्रणाली को ऐसे मामलों में सख्ती दिखानी चाहिए। आरोपी पक्ष का दावा- वीडियो पुराना है वहीं, आरोपी परिवार ने वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए कहा है कि यह वीडियो हाल का नहीं है। परिवार का दावा है कि यह 2 सितंबर 2023 का है, जब उनकी 25वीं शादी की सालगिरह गोवा के एक होटल में मनाई गई थी। परिवार ने इसे गलत तरीके से पेश किए जाने का आरोप लगाया है और कहा है कि यह निजी वीडियो है, जिसे बिना अनुमति वायरल किया गया है। कानूनी कार्रवाई की तैयारी आरोपी पक्ष ने यह भी कहा है कि वीडियो लीक करने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और कानूनी दोनों स्तरों पर चर्चा में बना हुआ है।