यमुनानगर के फरकपुर स्थित प्रॉपर्टी डीलर कलीराम हत्याकांड में जांच के दौरान कई अहम खुलासे सामने आए हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी गुलजार सिंह ने हत्या की साजिश कई महीने पहले ही रच ली थी। बस वह मौके की तलाश में था। सूत्रों के अनुसार प्लॉट के बकाया 30 हजार रुपए को लेकर लगातार मिलने वाले तानों और पत्नी को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों से आरोपी अंदर ही अंदर काफी नाराज था और कलीराम को सबक सिखाने का मन बना चुका था। जानकारी के अनुसार करीब सात माह पहले नवंबर में लगे कपालमोचन मेले में गया आरोपी वहीं से एक चाकू खरीदकर लाया था। उसने चाकू को घर पर संभालकर रखा और बदले की भावना से सही मौके का इंतजार करता रहा। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात वाले दिन वह उसी चाकू को थैले में रखकर सीधे कलीराम के फरकपुर स्थित कार्यालय पहुंचा था। डेढ़ घंटे तक बैठा रहा, फिर किया हमला 15 मई को आरोपी करीब डेढ़ घंटे तक कलीराम के कार्यालय में बैठा रहा। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत होती रही। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक बार फिर बकाया 30 हजार रुपए को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि कलीराम ने आरोपी को ताना मारते हुए उसकी पत्नी को लेकर भी गलत टिप्पणी कर दी। इससे आरोपी का गुस्सा भड़क उठा। बताया जा रहा है कि गुस्से में आरोपी ने थैले से चाकू निकाला और कलीराम पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले से कलीराम संभल नहीं सका। आरोपी ने लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। जब कलीराम पूरी तरह लहूलुहान होकर नीचे गिर गए, तब आरोपी मौके से फरार हो गया। जाते वक्त कड़ा, अंगूठी-नकदी भी ले गया आरोपी केवल हत्या कर भागा ही नहीं, बल्कि जाते समय कलीराम के हाथ में पहना कड़ा, अंगूठी तथा पर्स में रखी नकदी भी अपने साथ ले गया। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और रिमांड के दौरान आरोपी से इस संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गुलजार सिंह ने करीब तीन वर्ष पहले कलीराम से 3.90 लाख रुपए में एक प्लॉट खरीदा था। प्लॉट की एवज में उसने पहले 2.30 लाख रुपए दिए थे। बाद में 1.30 लाख रुपए और देने का दावा किया गया, जबकि 30 हजार रुपए बकाया रह गए थे। रजिस्ट्री नहीं होने और बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। 4 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी- डीएसपी डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू समेत अन्य सामान की बरामदगी की जाएगी। साथ ही आरोपी से वारदात की पूरी योजना, हत्या के पीछे के कारणों और घटना के बाद ले जाए गए सामान के संबंध में भी गहन पूछताछ की जाएगी। गौरतलब है कि 15 मई को प्रॉपर्टी डीलर कलीराम का शव फरकपुर स्थित उनके कार्यालय में खून से लथपथ हालत में मिला था। पड़ोसी दुकानदार ने सबसे पहले शव देखा था, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अब मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मर्डर के लिए 7 महीने पहले मेले से खरीदा चाकू:यमुनानगर प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड, डेढ़ घंटे तक ऑफिस में बैठा आरोपी; फिर किया हमला
