सोनीपत में कुंडली स्थित TDI सिटी में हुए ट्रिपल मर्डर केस में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी सिक्योरिटी गार्ड ब्रह्मप्रकाश पिछले डेढ़ साल से पड़ोस में रहने वाली स्वाति के करीब आने की कोशिश कर रहा था। वह उससे दोस्ती करना चाहता था, लेकिन स्वाति लगातार उसका विरोध कर रही थी, जिसके चलते पहले ब्रह्मप्रकाश की पिटाई भी हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, ब्रह्मप्रकाश, स्वाति के पति वीरेंद्र की गतिविधियों पर नजर रखता था। उसे वीरेंद्र के नौकरी पर जाने के समय और स्वाति के फ्लैट पर अकेले रहने की जानकारी थी। ब्रह्मप्रकाश ने दो प्लान बना रखे थे। पहला, अगर स्वाति उसके साथ संबंध बनाने के लिए राजी हो जाती है, तो वह उसे छोड़ देगा। दूसरा, विरोध किया तो मार देगा। उसे अपनी पुरानी पिटाई से हुई बेइज्जती याद थी और वह उसका बदला लेना चाहता था। पुलिस के अनुसार, अपनी योजना के तहत रविवार रात 11 बजे ब्रह्मप्रकाश अपने घर की रसोई से चाकू लेकर स्वाति के घर पहुंचा। उसने एक लोहे की रॉड पहले से बाहर छिपा रखी थी। जैसे ही ब्रह्मप्रकाश अंदर गया तो स्वाति विरोध करने लगे। ब्रह्मप्रकाश ने चाकू से उसका गला रेत दिया। इसके बाद, उसने बचाने आए पड़ोसियों विजय और सुनीता की भी रॉड मारकर हत्या कर दी। कुंडली थाना पुलिस ब्रह्मप्रकाश को गिरफ्तार कर चुकी है, और वह फिलहाल पुलिस रिमांड पर है। इस मामले में अभी और भी खुलासे होने की संभावना है। ट्रिपल मर्डर से जुड़े सभी किरदारों को जानिए… पिछले साल ब्रह्मप्रकाश की पिटाई हुई थी पुलिस के अनुसार, पड़ोसी होने के कारण ब्रह्मप्रकाश बहाने से स्वाति के घर आता-जाता था। हालांकि, स्वाति उसकी गंदी नीयत को पहले ही समझ गई थी। पिछले साल भी वह जबरदस्ती स्वाति के घर में घुस गया था, जिसके बाद स्वाति ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस बुला ली। मौके पर उसकी जमकर पिटाई हुई और बाद में उसने माफी भी मांगी थी। ट्रिपल मर्डर के बाद कमरे पर जाकर खाना खाया स्वाति के पति वीरेंद्र का कहना है कि ब्रह्मप्रकाश अपने साथ हुई मारपीट का बदला लेना चाहता था। रविवार रात स्वाति, विजय और सुनीता की हत्या करने के बाद वह अपने कमरे में चला गया और वहां बैठकर खाना भी खाया। इसी बीच पुलिस के सायरन की आवाज़ सुनकर वह मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
ट्रिपल मर्डर-डेढ़ साल से महिला से दोस्ती करना चाहता था:सोनीपत में सिक्योरिटी गार्ड ने पिटाई का बदला लेने की ठानी, अपने फ्लैट से चाकू लाया
