जौनपुर में दूल्हे का हत्यारा एनकाउंटर में मारा गया:बारात रोककर 3 गोलियां मारी थीं, 1 लाख का इनामी था रवि यादव

Spread the love

जौनपुर के दूल्हे आजाद बिंद का हत्यारोपी रवि यादव रविवार देर रात एनकाउंटर में मारा गया। हत्याकांड के बाद उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान रवि ने बाइक नहीं रोकी और भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मुठभेड़ शहर से 25 किमी दूर खेतासराय थाना क्षेत्र में हुई। 1 मई को रवि यादव ने दुल्हन के ममेरे भाई प्रदीप बिंद और दोस्त भोले राजभर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस जांच में पता चला था कि प्रदीप बिंद बहन की लवमैरिज शादी से नाराज था। प्रदीप और रवि ने बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की कार को ओवरटेक कर रोका था, फिर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आजाद के पेट में दो और जबड़े पर एक गोली लगी थी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। भोले राजभर ने प्रदीप और रवि को दूल्हे की लोकेशन शेयर की थी। दूल्हे के पिता राम लखन बिंद की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले में अब तक 13 लोगों को आरोपियों को पनाह देने और सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है।
दूल्हे की हत्या कैसे की थी जानिए
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव के रहने वाले रामलखन के बेटे आजाद की 1 मई को शादी थी। आजाद पुणे में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसकी बारात 20 किमी दूर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के लिए रात 8 बजे निकली। बारात में तीन गाड़ियां थीं। एक में दूल्हा और बाकी दोनों गाड़ियों में परिवार के लोग बैठे थे। दूल्हे के भाई और चश्मदीद गवाह आकाश ने बताया था- मेरा भाई आजाद बिंद कार की अगली सीट पर बैठा था। मोबाइल चला रहा था। मैं कार में पीछे बैठा था, मैं भी मोबाइल चला रहा था। कार रोड के किनारे खड़ी थी। हम लोग पीछे आ रहे बारातियों का इंतजार कर रहे थे। तभी अपाचे बाइक पर सवार होकर दो लोग आए। मुंह पर गमछा बंधा था, रात में भी आंखों पर धूप का चश्मा लगाए थे। बाइक की नंबर प्लेट पर भी कपड़ा बंधा था। उन्होंने कार का शीशा खटखटाया। भाई ने जैसे ही शीशा नीचे किया, पीछे बैठे युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गाड़ी का ड्राइवर दूल्हे को छोड़कर जान बचाकर भाग गया। मैं पीछे जान बचाने के लिए नीचे झुककर छिप गया। इतने में पीछे आ रही गाड़ियां पहुंचीं तो बदमाश भाग गए। परिजनों ने दरवाजा खोला तो भाई खून से लथपथ था। उसे पास के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुल्हन ने बताया था- ममेरा भाई लव मैरिज से नाराज था, इसलिए हत्या की। पुलिस को आरोपियों के बाइक से भागते हुए CCTV फुटेज मिले थे। दूल्हे आज़ाद के भाई आकाश और दुल्हन सोनी ने आरोपियों की पहचान की थी। दुल्हन सोनी बिंद ने प्रदीप, रवि और भोले राजभर के नाम बताए थे। दुल्हन सोनी ने पुलिस को बताया था आजाद और मैं दूर के रिश्तेदार थे। दो साल पहले एक शादी में मिले थे। तब से हम दोनों का अफेयर था। उन्होंने बताया- छह महीने पहले हमारी शादी तय हुई थी। प्रकाश को यह बात पसंद नहीं थी। वह कई बार मुझे आजाद से बात करने से मना कर चुका था। लेकिन मैंने अपने घरवालों को इस रिश्ते के लिए तैयार कर लिया। प्रकाश भी दो दिन पहले ही शादी में शामिल होने के बहाने घर आया था। वह शाम को बिना बताए घर से निकल गया। उसी ने मेरे होने वाले पति को मार डाला। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…