पेड़ की टहनी गर्दन में लगने से महिला की मौत:तेज आंधी में टूटकर गिरी; परिजनों ने पोस्टमॉर्टम को मना किया, कुरुक्षेत्र पुलिस ने मनाया

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद एरिया में शनिवार दोपहर को तेज आंधी की से पेड़ से टूटकर गिरी भारी टहनी की वजह से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला अपने घर पैदल लौट रही थी। परिवार के लोग उसे अस्पताल भी लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक महिला की पहचान 62 साल की निर्मला देवी पत्नी रमेश कुमार निवासी जंधेड़ी के रूप में हुई। पुलिस ने सूचना पाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कल रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। हालांकि, परिवार के लोग पहले पोस्टमॉर्टम करवाने से मना कर रहे थे। तेज आंधी में टूटी टहनी जसविंद्र सिंह ने पुलिस को बयान दिया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उसकी मां निर्मला देवी लाडवा रोड से सड़क के किनारे से होते हुए गांव की तरफ पैदल आ रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी चलने लगी। उसकी मां गांव के राधा स्वामी सत्संग घर के नजदीक पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े बड़े सफेदे के पेड़ की भारी टहनी टूटकर उनके ऊपर आ गिरी। गर्दन में लगने से मौत टहनी सीधे गर्दन पर लगने से उसकी मां निर्मला देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाया और नागरिक अस्पताल शाहाबाद लेकर पहुंचे, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कल होगा पोस्टमॉर्टम थाना शाहाबाद के SHO जगदीश टामक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पहले परिवार के लोग पोस्टमॉर्टम के लिए सहमत नहीं थे। पुलिस के समझाने के बाद कल रविवार को पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।