फरीदाबाद में महिला की मौत केस में नया मोड़:2 साल बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बदली जांच की दिशा; हत्या एंगल से जांच शुरू

Spread the love

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित भगत सिंह कॉलोनी में महिला पूजा की मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। शुरुआत में घटना को बीमारी और हादसे से जुड़ी सामान्य मौत बताया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कोर्ट में पेश तथ्यों के बाद पुलिस ने अब मामले की जांच हत्या के एंगल से शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, 11 अगस्त 2024 को 40 वर्षीय पूजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उस समय पति सतीश ने पुलिस को बताया था कि पूजा रसोई में काम करते हुए अचानक बेहोश होकर गिर गई थी और वह पहले से बीमार भी थी। पुलिस ने शुरुआती स्तर पर इसी आधार पर कार्रवाई की थी। भाई ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया हालांकि, मृतका के भाई अक्षय ने मामले को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट यतन क्वात्रा के समक्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोटो और अन्य दस्तावेज पेश किए गए। कोर्ट ने रिकॉर्ड में मौजूद तथ्यों को देखने के बाद माना कि मामला सामान्य मौत का नहीं, बल्कि हत्या का प्रतीत होता है। मृतका के गले पर ‘वी शेप’ का दिखा निशान कोर्ट में पेश तस्वीरों में मृतका के गले पर ‘वी शेप’ का निशान दिखाई दिया, जिसे जांच का महत्वपूर्ण आधार माना गया। वहीं नल्लड़ मेडिकल कॉलेज से आई विसरा रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। इन तथ्यों के सामने आने के बाद थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस ने करीब दो साल बाद केस को नए सिरे से खोल दिया है। मृतका की बहन ममता ने आरोप लगाया कि पूजा को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोग मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उनका कहना है कि पति को पूजा पर शक रहता था और उसे अक्सर परेशान किया जाता था। परिवार का आरोप है कि पुलिस और पति की मिलीभगत से मामले को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस पर गलत कार्रवाई करने के आरोप परिजनों का कहना है कि तत्कालीन जांच अधिकारी ने निष्पक्ष जांच नहीं की और केवल बयान दर्ज कर केस को बंद करने का प्रयास किया गया। न्याय नहीं मिलने पर परिवार लगातार अधिकारियों के चक्कर काटता रहा और अंत में कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। मामले में चावला कॉलोनी चौकी प्रभारी जसबीर सिंह ने कहा कि केस से जुड़े सभी पहलुओं की दोबारा जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो उसके अनुसार कार्रवाई भी की जाएगी।