फरीदाबाद में वॉलीबॉल प्लेयर मर्डर केस में अब कई खुलासे हुए हैं। मृतक मोनू की करीब 8 माह पहले नाबालिग लड़की से दोस्ती हुई थी। मोनू के गांव में ही लड़की के मामा का घर था, रिश्ते में दोनों भाई- बहन थे। इसलिए भी परिवार को ये रिश्ता पसंद नहीं था। करीब एक माह पहले लड़की घर छोड़कर चली गई, परिजनों ने इसे मोनू की साजिश बताया और उसके खिलाफ केस दर्ज करा दिया। 17 मई को मोनू इसी केस के सिलसिले में थाने जाने के लिए घर (भिवाड़ी, राजस्थान) से निकला था। रास्ते में लड़की के परिजनों ने उसका किडनैप कर लिया, उसके 3 दिनों तक घर में कैद कर रखा। जमकर मारपीट की गई। अधमरी हालत में मोनू को घर के बाहर फेंक दिया। इसके बाद खुद ही पुलिस को इसकी सूचना दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि अधिक पिटाई होने से मोनू के सिर और नाक की हड्डियां टूट गईं। पसलियां टूटकर फेफड़ों में घुस गईं। उसके हाथ- पैरों पर गहरे घाव मिले हैं। फरीदाबाद पुलिस ने 3 महिलाओं सहित 15 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। 8 महीने पहले शुरू हुई लव- स्टोरी मोनू (21) राजस्थान के भिवाड़ी के सैदपुर गांव का रहने वाला था। मोनू के चाचा नरेन्द्र ने बताया कि करीब 8 महीने पहले उसकी दोस्ती फरीदाबाद के तिंगाव थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग लड़की से हुई थी। लड़की सैदपुर में अपने मामा के घर आती रहती थी। दोनों का घर भी पास पास ही था। यहीं से दोनों के बीच प्यार बढ़ने लगा। मोनू कबड्डी और वॉलीबॉल का प्लेयर था। वॉलीबॉल में स्टेट लेवल की प्रतियोगिता में कई मेडल जीत चुका था। मोनू परिवार का बड़ा बेटा था। उसके दो छोटे भाई है, जो पढ़ाई कर रहे है। मोनू पर अपहरण का केस कराया गांव सैदपुर से वापस फरीदाबाद लौटने के बाद लड़की की बातचीत मोनू से होने लगी। अप्रैल में लड़की बिना किसी को कुछ बताए घर छोड़कर चली गई। परिवार ने इसे मोनू की साजिश बताकर तिगांव थाने में अपहरण का केस दर्ज कराया। लड़की 2 दिन बाद ही दिल्ली के लालकिले से बरामद हो गई। मोनू के परिजन मुरारी गुर्जर ने बताया कि पुलिस केस होने के बाद हमने खुद लड़की की तलाश की और उसके घर छोड़कर आए। 2 पॉइंट में पढ़िए, आरोपियों ने मोनू को कैसे मारा… किडनैप कर टार्चर किया मोनू के चाचा नरेन्द्र ने बताया कि 17 मई को करीब 10.30 बजे मोनू घर से बाइक लेकर निकला था। उसने कहा था कि तिंगाव थाने में जांच मे शामिल होने जा रहा है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह फरीदाबाद पहुंच गया था, लेकिन तिंगाव पहुंचने पर लड़की के पिता ने परिवार के लोगों के साथ मिलकर उसे किडनैप कर लिया। ट्यूबवेल पर बंधक बनाकर रखा नरेन्द्र ने बताया कि उन्होंने मोनू को अपने खेतों में बने घर में तीन दिनों तक बंधक बना कर रखा। उसके साथ लगातार मारपीट की गई। मोनू जब अधमरा हो गया, उसे गांव में सड़क पर लाकर फेंक दिया। इसके बाद खुद ही पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस बोली- लड़की का पिता खुद थाने पहुंचा फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी 20 मई को खुद थाने पहुंचा। उसने कहा कि लड़की को साथ ले जाने वाले युवक को उन्होंने पकड़ लिया है। पुलिस टीम उसके घर पहुंची तो मोनू गंभीर हालत में मिला। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। तिगांव थाना प्रभारी रंधीर ने बताया कि मोनू के खिलाफ अप्रैल में लड़की के अपहरण के आरोप में FIR नंबर- 51 दर्ज है। पुलिस अभी जांच कर रही है कि लड़की के घरवालों ने उसकी किडनैपिंग कहां और कैसे की। इस मामले में 2 लोगों को राउंडअप किया गया है। —————- यह खबर भी पढ़ें… हरियाणा में प्रेम-प्रसंग में राजस्थान के वॉलीबॉल प्लेयर का मर्डर प्रेम-प्रसंग में राजस्थान के वॉलीबॉल प्लेयर की फरीदाबाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि लड़की के परिजनों ने युवक को किडनैप किया। 3 दिन घर में बांधकर भूखा-प्यासा रखा। लगातार पिटाई करते रहे। (पूरी खबर पढ़ें)
8 महीने की लव-स्टोरी में वॉलीबॉल प्लेयर की हत्या:फरीदाबाद में किडनैप किया, 3 दिन तक कैद कर पीटा; पसलियां टूटकर फेफड़ों में घुसी
