15 हजार रिश्वत लेता पटवारी गिरफ्तार:करनाल में जमाबंदी ठीक कराने के नाम पर मांगे; बोला- कानूनगो-तहसीलदार को भी हिस्सा देना पड़ता है

Spread the love

करनाल के असंध में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी ने एक व्यक्ति से जमाबंदी दुरुस्त करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी ने उससे कहा था कि रिश्वत में हिस्सा कानूनगो और तहसीलदार को भी देना पड़ता है। पीड़ित की शिकायत पर ACB ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया। करनाल में आरोपी पटवारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल टीम उससे पूछताछ कर रही है। जानिए शिकायकर्ता ने क्या बताया…. भाई से 2 कनाल जमीन ली थी जलमाना गांव निवासी गुरबख्श सिंह ने बताया कि उसने काफी साल पहले अपने भाई से 2 कनाल जमीन ली थी। उस समय जमाबंदी में उसका नाम दर्ज था, लेकिन नई जमाबंदी बनने के बाद उसमें उसका नाम नहीं आया। जमाबंदी में दोबारा नाम जोड़ने के लिए पटवारी विजय वीर ने 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। पटवारी बोला- मेरा बहुत कम हिस्सा है गुरबख्श सिंह ने आगे बताया कि वह कई बार पटवारी के चक्कर काट चुका था। पटवारी ने उससे कहा था कि “इसमें मेरा बहुत कम हिस्सा है, इसमें कानूनगो और तहसीलदार को भी हिस्सा देना पड़ता है।” बाद में सौदा 15 हजार रुपए में तय हुआ। परेशान होकर गुरबख्श सिंह ने इसकी शिकायत ACB को दी। केमिकल लगे नोट देकर किया ट्रैप शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने योजना बनाकर 15 हजार रुपए के नोटों पर विशेष केमिकल लगाया और गुरबख्श सिंह को पटवारखाने भेजा। टीम पहले से ही बाहर तैनात थी। जैसे ही गुरबख्श सिंह ने पटवारी विजय वीर को पैसे दिए, ACB की टीम तुरंत अंदर पहुंच गई। टीम ने मौके पर ही पटवारी को काबू कर लिया और उसके पास से 15 हजार रुपए भी बरामद कर लिए। पूछताछ कर रही ACB करनाल ACB टीम की इंचार्ज प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपी विजय वीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही करनाल में उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब उससे गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने पहले भी किसी से रिश्वत ली है या नहीं। तहसीलदार ने फोन नहीं उठाया शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत में हिस्सेदारी के आरोपों पर असंध की तहसीलदार नवजोत कौर का पक्ष जानने के लिए उन्हें फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। वॉट्सएप पर मैसेज भेजने पर भी कोई जवाब नहीं आया।