पानीपत में डंपर की टक्कर से गर्भवती महिला की मौत:गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत, पति घायल; बाइक पर दवा लेने जा रहे थे

Spread the love

पानीपत जिले के राक्सेड़ा गांव के पास एक रेत से भरे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार एक गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक महिला की पहचान हथवाला गांव निवासी 23 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब 8 महीने की गर्भवती थी। गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई है। घटना के बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, हथवाला निवासी संदीप जांगड़ा अपनी पत्नी प्रीति को गन्नौर दवा दिलवाने ले जा रहे थे। राक्सेड़ा में तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रीति कई फुट दूर जा गिरीं और डंपर के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। संदीप को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति जताया रोष इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि राक्सेड़ा, बुढ़नपुर, कारकोली, सिंभलगढ़ और हथवाला क्षेत्रों में लंबे समय से यमुना से अवैध रेत खनन चल रहा है। उनका कहना है कि अवैध खनन के कारण तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर सड़कों पर दौड़ते हैं, जिससे जानमाल का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों की कार्रवाई मांग, बोले-आंदोलन करेंगे ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने एसडीएम, उपायुक्त और विधायक सहित उच्च अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी हैं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे और किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ड्राइवर की तलाश कर रही पुलिस पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और समालखा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और डंपर ड्राइवर की पहचान व तलाश तेज कर दी है।