हरियाणा के रेवाड़ी स्थित बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-5 में मंगलवार की दोपहर जीएलएस कंपनी में आग लग गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद कंपनी परिसर से एक के बाद एक जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह कंपनी केमिकल उत्पादों का उत्पादन करने वाली इकाई की बताई जा रही है। आग इतनी भीषण थी कि उसकी लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं और काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना स्थल पर भगदड़ मच गई और आसपास के कामगार व कर्मचारी दहशत में वहां से भागने लगे। यहां देखें आग के फोटो… आग बुझाने में जुटे फायर कर्मी सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि, आग से कंपनी को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है और जांच एजेंसियां मामले की छानबीन कर रही हैं।
रेवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में लगी आग:जोरदार धमाकों की आवाज, मची अफरा-तफरी, बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां
