सिरसा के ऑटो मार्केट स्थित ब्लू बैरी होटल में देह व्यापार मामले में वायरल ऑडियो ने कई सवाल उठा दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, ऑडियो में आरोपी महिला यूटयूबर हैप्पी सिंगला और पीड़ित महिलाओं के बीच बातचीत हो रही है, उनको महिला पुलिस थाने की एएसआई पालो से मिलकर राजीनामे के लिए साइन कर मामले को यहीं निपटाने का दबाव बनाया जा रहा है। हैप्पी सिंगला इसे लेकर पालो से बातचीत होने का दावा कर रही है। पढिए… वायरल ऑडियो के कुछ अंश “हैलो, सिरसा आ गए तुम? पहुंचने वाले है बस। अच्छा! चलो बस थाने पहुंचकर ASI पालो से बात करनी है। जैसे ही नीतू या उनके पति आते हैं तो उनको फालतू कुछ नहीं बोलना। कहना हमारा नक्की हो गया। अर पुलिस वाले जो भी लेंगे खर्चा-खुर्चा, वो खुद ही दे देंगे। तुम इस चीज को नक्की करो। ” इस तरह की चार से पांच ऑडियो वायरल है, जिसमें हैप्पी द्वारा होटल संचालक की 31 हजार की पर्ची कटवाने एवं पुलिस से लेकर मीडिया तक में पैसे बांटने का कहा जा रहा है। 20-25 हजार में सेटिंग की बात आरोपी हैप्पी सिंगला (महिला यूट्यूबर) ऑडियो में महिलाओं से ये बात भी कह रही है कि अगर उनको पहले बता दिया होता तो वह 20-25 हजार रुपए वैसे ही दिलवा देती। थाने जाने की जरूरत नहीं पड़ती। हैप्पी होटल संचालक की सह लेते नजर आ रही है। हालांकि, भास्कर एप की इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता। मगर इसकी चर्चाएं सभी लोगों में हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिक आईओ को भी बदल दिया है। एसपी दीपक सहारण ने संज्ञान लेते हुए एएसआई पालो की जगह एएसआई सीमा को आईओ नियुक्त किया और इसकी जांच डीएसपी को सौंपी है। एएसपी बोले- जो भी शामिल होगा, कार्रवाई होगी इस मामले को लेकर आज एएसपी आदर्शदीप सिंह ने आज सोमवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि मामले में जांच जारी है। जो-जो संलिप्त मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। वहीं, महिला पुलिसकर्मी एएसआई पालो का कहना है कि मेरा इससे कोई संपर्क नहीं है और न ही हैप्पी सिंगला से कोई बातचीत हुई। आरोपियों पर दबिश दे रही पुलिस एएसपी ने कहा कि इस मामले में बंधक बनाकर रेप करने, दबाव बनाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है, जिसके तहत जल्दी जमानत मिल पाना मुश्किल होगा। आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दाबिश दी जा रही है। हैप्पी सिंगला व बाकी आरोपी अभी फरार चल रहे हैं। अग्रिम जमानत को लेकर भी कोई सूचना नहीं मिली है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा एएसपी आदर्शदीप सिंह ने बताया, होटल संचालक प्रिंस अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद मामले में जांच तेज कर दी है। इसके अलावा और कई मुलजिमों के नाम सामने आए हुए हैं। बाकी को पकड़ने के लिए दाबिश दी जा रही है, उनको जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसमें जो-जो संलिप्त मिलेगा, उनको जांच में शामिल कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ASI पालो बोले- ऐसे तो कोई भी नाम ले सकता है मामले में ASI पालो ने दैनिक भास्कर एप टीम से बातचीत में बताया कि पुलिस में हूं ये सब जानते हैं। ऐसे कोई भी नाम ले सकता है। नाम आने का ये मतलब नहीं कि उसमें शामिल हूं। शुरू में दोनों महिलाएं अपनी कंप्लेंट लेकर आई थीं। बाद में उनको फोन किया था तो कहा, हमारा राजीनामा हो गया। मैंने उनको यहीं कहा था कि अगर राजीनामा हो गया है तो थाने आकर साइन कर दो। इसके बाद उनकी हैप्पी से कोई बात हुई है, उसी ऑडियो में वह कह रही कि पालो से बात हुई है और थाने जाकर साइन कर दो। मेरी उससे इस बारे में कोई बात नहीं हुई है। इसकी जांच सीमा मैडम व डीएसपी साहब कर रहे हैं। पीडित महिला बोलीं- पुलिस से न्याय की उम्मीद पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि होटल संचालक प्रिंस को पुलिस ने पकड़ लिया है और उनको न्याय की उम्मीद है। इसमें संचालक ही नहीं कई लोग शामिल हैं। एक तरह से पूरा गिरोह होने का शक हैं। पुलिस इसकी बारीकि से जांच करे और सभी को जल्द गिरफ्तार करे। वह शिकायत पर राजीनामा का दबाव बनाने के बाद होटल में अपना सामान लेने के लिए गई थीं। संचालक प्रिंस ने उनका सामान भी नहीं दिया और धमकी भी देने लगा। हैप्पी सिंगला ने पत्रकार बताते हुए समझौते के लिए दबाव बनाया और केस दर्ज कराने तक की धमकी दी। उसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास है, जो पुलिस को सौंप दी है। अब जानिए… पूरा मामला पंजाब के अबोहर निवासी महिला के अनुसार, वह 8 से 9 महीने पहले वह प्रिंस और नीतू अरोड़ा से मिली थी। इनका सिरसा में ब्लू बैरी नाम से होटल है। उन्हें होटल में खाना बनाने और सफाई करने के लिए लड़कियों की जरूरत है। कहा गया कि खाना बनाने वाली लड़की को 15 हजार रुपए प्रतिमाह और सफाई करने वाली लड़की को 12 हजार रुपए प्रतिमाह सैलरी दी जाएगी। होटल मालिक ने संबंध बनाए, लोगों को बुलाने लगा पीड़ित महिला ने बताया कि वह दिल्ली की रहने वाली दूसरी महिला के साथ मिलकर होटल में काम करने के लिए चली गईं। दो-तीन महीने तक किसी ने उनसे कुछ नहीं कहा। फिर प्रिंस अरोड़ा ने उन दोनों से जबरन शारीरिक संबंध बनाए। साथ ही, प्रिंस पैसे कमाने के लिए दूसरे लोगों को होटल बुलाने लगा और उनसे देह व्यापार करवाने लगा। होटल कर्मी अरुण ने भी शोषण करना शुरू कर दिया। होटल से भागकर थाने पहुंची उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह जान बचाकर होटल से भागकर थाने पहुंची और एसपी से भी मिली। गत वीरवार 13 तारीख को पुलिस ने बयान दर्ज कर मेडिकल करवाया और अभी उनको सुरक्षा के लिए भेज दिया है।
सिरसा होटल देह व्यापार केस में ऑडियो वायरल:महिला ASI का जिक्र; महिला यूट्यूबर बोली-राजीनामा के लिए साइन कर देना; ASP बोले-जांच करेंगे
