दिग्विजय ने दीदी का हाथ पकड़कर बताया- मैं घोर सनातनी:भाजपा में नया पद, महाकाल दर्शन प्रभारी बनाए; फिर उड़ी मोदी की अपील की धज्जियां

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। दिग्विजय ने भाजपा विधायक को पढ़ाया सनातन पाठ
अगर आप पीठ पीछे किसी की चुगली कर रहे हों, उसकी बुराई कर रहे हों, उसे बुरा-भला कह रहे हों और वह अचानक सामने आ जाए तो.. इंदौर में भाजपा विधायक उषा ठाकुर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। इसके बाद उषा ठाकुर और दिग्विजय सिंह के बीच रोचक संवाद देखने को मिला। हुआ यूं कि इंदौर में महू की भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने किसी के सामने दिग्विजय सिंह को सनातन धर्म का विरोधी बता दिया। यह बात दिग्विजय सिंह के कानों तक पहुंची तो उन्होंने तुरंत भाजपा विधायक से कहा कि वे घोर सनातनी हैं। दिग्विजय सिंह ने बहन उषा ठाकुर का हाथ पकड़कर कहा- मैं हमेशा घोषणा करता आया हूं और आज फिर कह रहा हूं कि मैं घोर सनातन धर्म को मानने वाला हूं। मेरे कहने के बाद ही आपने सनातन धर्म को स्वीकार किया, पहले आप हिंदू-हिंदू धर्म कहती थीं। सनातन धर्म कहने की शुरुआत मैंने की थी। दिग्विजय सिंह ने उषा ठाकुर से पूछा कि क्या आपने नर्मदा परिक्रमा की है? क्या आप एकादशी का व्रत करती हैं? उषा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह को बड़ा भाई बताया और कहा- आप व्यक्तिगत रूप से पक्के सनातनी हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं करते। इस पर दिग्विजय बोले- मैं सार्वजनिक रूप से कह तो रहा हूं, और कैसे सार्वजनिक करूं? इसके बाद भाजपा विधायक ने उन्हें धन्यवाद कहा। अब राजनीतिक रूप से एक-दूसरे के घोर विरोधी माने जाने वाले इन भाई-बहन के सौहार्द का वीडियो जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। लोग इसे राजनीति की सकारात्मक तस्वीर के तौर पर देख रहे हैं। भाजपा के ‘महाकाल दर्शन प्रभारी’ बने चर्चा का विषय
उज्जैन में भाजपा ने एक नई पोस्ट बनाई है। इसे देखकर लोग कह रहे हैं कि अब बस यही देखना बाकी रह गया था। दरअसल, भाजपा ने उज्जैन नगर जिला संगठन के खाली पदों पर नियुक्तियां की हैं। इनमें ‘महाकाल दर्शन प्रभारी’ का पद भी शामिल है। भाजपा ने पंकज मिश्रा को उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र और राजकुमार मालवीय को उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लिए महाकाल दर्शन प्रभारी नियुक्त किया है। अब लोग चटकारे लेकर कह रहे हैं कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर अब बाबा महाकाल की विशेष कृपा बरसेगी। वहीं, कुछ लोग सवाल भी उठा रहे हैं कि महाकाल मंदिर में दर्शन की पहले से व्यवस्था है, फिर इस पद की जरूरत क्यों पड़ी। वैसे, भाजपा अपने चौंकाने वाले फैसलों के लिए जानी जाती है। यूं ही उसे दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी नहीं कहा जाता। अब भी मोदी की अपील नहीं मान रहे भाजपा के नेता
पेट्रोल-डीजल बचाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद सत्ताधारी दल के अधिकांश नेता अब जमीन पर आ गए हैं, यानी ईंधन बचाने में जुटे दिखाई दे रहे हैं। बात नहीं मानने वाले दो नेताओं पर कार्रवाई भी हो चुकी है। हालांकि, कुछ भाजपा नेता अब भी अपनी अलग झांकी दिखाने से नहीं चूक रहे। अब भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार पीएम मोदी की अपील की धज्जियां उड़ाते नजर आए। वे सायरन के साउंड के साथ करीब 8 गाड़ियों के काफिले के साथ भिंड जिले के आलमपुर पहुंचे। यहां उनका भव्य स्वागत किया गया और जेसीबी से उन पर फूल बरसाए गए। जब नेता जी से पूछा गया कि वे पीएम मोदी की अपील का कितना समर्थन करते हैं, तो उन्होंने कहा कि वे पूरी तरह समर्थन करते हैं। इसके बाद नेता जी यह कहते हुए आगे बढ़ गए कि वे इलेक्ट्रिक कार में चल रहे हैं और उनके काफिले में भी इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल हैं। ठग को पकड़ने के लिए पुलिस की फिल्मी स्टाइल में दबिश
मध्य प्रदेश पुलिस का एक अनोखा अंदाज शिवपुरी के करैरा में देखने को मिला। मामला किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। पुलिस ठगी के एक आरोपी को पकड़ने एक मकान पर पहुंची थी, लेकिन जिस तरीके से घर में दाखिल होने की कोशिश की गई, उसने पूरे घटनाक्रम को चर्चा में ला दिया। पहले पुलिसकर्मियों ने सीधे घर में घुसने की कोशिश की। दरवाजा नहीं खुला तो एक साथी को उठाकर छत के रास्ते घर में पहुंचाने की कोशिश की। जब बात नहीं बनी तो दो बल्लियां लाकर जुगाड़ जमाया। इन्हें सीढ़ी के रूप में छत से सटा दिया और इसी के सहारे पुलिस फिल्मी अंदाज में घर के अंदर पहुंची। हालांकि, पुलिस की सारी मेहनत उस समय बेकार हो गई, जब पता चला कि आरोपी पहले ही फरार हो चुका है। यानी कानून के हाथ यहां थोड़े छोटे पड़ गए और पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग पुलिस की मेहनत से ज्यादा उसके ‘जुगाड़ ऑपरेशन’ की चर्चा कर रहे हैं। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), अभिषेक दुबे (इंदौर), आनंद निगम (उज्जैन), कपिल मिश्रा (शिवपुरी), मयंक त्रिपाठी (आलमपुर) ये भी पढ़ें –
मंत्री ने पत्रकार को पुश किया, बोले- दिमाग ठीक रखो: पंडित प्रदीप मिश्रा का स्टाइलिश लुक दमोह में मंत्री इंदर सिंह परमार एक पत्रकार पर भड़क गए। पत्रकार ने मंत्री से उनकी गाड़ियों के काफिले को लेकर सवाल पूछ लिया था। इस पर मंत्री थोड़ा झल्ला गए। फिर पत्रकार को हल्का सा धकियाते हुए कहा- ‘अपने जरा दिमाग को थोड़ा ठीक ढंग से सोचने की जरूरत है।’ पूरी खबर पढ़ें