करनाल की झाड़ियों में मिला युवक का शव:सिर पर चोट और कान के पीछे गोली का निशान, हत्या की आशंका

Spread the love

करनाल में जीटी रोड पर बसताड़ा स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम के नजदीक टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 7:30 बजे राहगीरों ने शव देखा और सूचना पुलिस को दी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक के सिर और शरीर पर गहरे चोट के निशान हैं। वहीं कान के पीछे गोली लगने का भी निशान मिला है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही घरौंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि घटनास्थल मधुबन थाना क्षेत्र में आता है। इसके बाद मधुबन थाना पुलिस को सूचित किया गया। मधुबन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई अपने हाथ में ली। एफएसएल टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए, ताकि हत्या के कारणों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जांच कर रही है। बाजू पर ‘गोल्डी’ लिखा, हाथ में कड़ा मृतक की उम्र करीब 23 से 24 साल बताई जा रही है। युवक की बाजू पर अंग्रेजी के करसिव स्टाइल में ‘गोल्डी’ लिखा हुआ है। इसके अलावा युवक ने हाथ में कड़ा पहना हुआ है। इन सुरागों के आधार पर उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव मधुबन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इंद्र सिंह बोले- पहचान के प्रयास जारी घरौंडा थाना प्रभारी इंद्र सिंह ने बताया कि युवक का शव मिला है और उसके सिर पर चोट के निशान हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। चूंकि यह एरिया मधुबन थाना पुलिस के अंदर आता है, इसलिए आगामी कार्रवाई मधुबन पुलिस द्वारा ही की जाएगी। पुलिस ने शव को 72 घंटे तक पहचान के लिए सुरक्षित रखा है। यदि इस दौरान कोई शिनाख्त नहीं होती है, तो नियमानुसार अंतिम संस्कार करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता और गंभीरता से जांच की जा रही है।