प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील दरकिनार कर फतेहाबाद के कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया विदेश गए हैं। वह 28 मई तक अमेरिका (यूएसए) में रहेंगे। बताया जा रहा है कि विधायक बलवान एक दोस्त के जन्मदिन समारोह और उनके बेटे के शादी समारोह में शामिल होंगे। विधायक गुरुवार को यूएसए के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट डालकर इसकी जानकारी अपने समर्थकों के साथ साझा की है। वहीं, विधायक के विदेश दौरे पर बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि, इनको देशहित से कोई मतलब नहीं है। इनके लिए अपनी मौजपरस्ती जरूरी है। बता दें कि, दौलतपुरिया दूसरी बार फतेहाबाद से विधायक बने हैं। इससे पहले वह साल 2014 में इनेलो की टिकट पर विधायक बने थे। अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस ने टिकट दी। वह बीजेपी प्रत्याशी रहे दुड़ाराम को 2252 वोटों से हराकर दूसरी बार विधायक बने थे। जानिए… विधायक ने अपनी फेसबुक पोस्ट में क्या लिखा प्रिय साथियों ,आप सभी के स्नेह और आशीर्वाद से मैं 15 मई 2026 से 28 मई 2026 तक अमेरिका (USA) विदेश यात्रा पर रहूंगा। मेरे कार्यालय की टीम लगातार क्षेत्र की समस्याओं और जनसेवा के कार्यों के लिए उपलब्ध रहेगी। किसी भी आवश्यक कार्य हेतु आप पहले की तरह संपर्क कर सकते हैं।आप सभी का प्यार, विश्वास और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। जानिए… पीएम मोदी ने क्या अपील की थी पीएम नरेंद्र मोदी ने 10 मई रविवार को तेलंगाना में हुए कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से अपील की थी कि पेट्रोल, गैस और डीजल का इस्तेमाल कम करना होगा। सोने की खरीद से बचना होगा। साथ ही कुछ समय के लिए विदेश यात्राओं को टालना होगा। पीएम ने कहा था कि वैश्विक हालात और महंगे ईंधन के कारण भारत पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में शादियों, छुट्टियों और अन्य कारणों से विदेश यात्रा कुछ समय के लिए टालना देशहित में होगा। विदेश यात्राओं में हर साल हो रहा 3 लाख करोड़ से ज्यादा खर्च सरकारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2023-24 में विदेश यात्राओं में भारतीयों का कुल खर्च 2.72 लाख करोड़ रुपए था, जो 2025-26 में 3.65 लाख करोड़ रुपए हो गया। यानी भारतीयों ने विदेशों में खर्च बढ़ा दिया है। पीएम मोदी का मानना है कि, विदेश यात्राओं से देश का पैसा विदेशों में जाता है। पीए बोले-दोस्त के आग्रह पर गए विधायक विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया के निजी सचिव धीरज शर्मा ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में कहा कि, विधायक बलवान सिंह अपने दोस्त के बेटे के शादी समारोह में शामिल होने के लिए यूएसए गए हैं। दोस्त के विशेष आग्रह पर ही विधायक वहां गए हैं। वे 28 मई को लौटेंगे।
PM की अपील दरकिनार कर USA गए फतेहाबाद विधायक:28 मई तक रहेंगे विदेश में; BJP बोली-इनको देशहित से मतलब नहीं
