लखबीर सिंह लांडा गैंग के संपर्क में था सूर्यप्रताप:अंबाला के सरपंच निशाना, घर-पेट्रोल पंप पर करना था ब्लास्ट, कुछ दिन पहले दी थ्रेट

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद से पकड़े गए गैंगस्टर सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा ने अंबाला में हैंड ग्रेनेड से धमाका करना था। उसके निशाने पर अंबाला के एक गांव सरपंच और उसका पेट्रोल पंप था। इसके लिए सूर्यप्रताप विदेश में बैठे लखबीर लांडा गैंग के अपने साथी के इशारे का इंतजार कर रहा था। हालांकि घटना से पहले ही STF अंबाला यूनिट और पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर सूर्यप्रताप को काबू कर लिया। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, एक मैगजीन और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए। कल बुधवार को उसने शाहाबाद में अपने मोटर यार्ड में खड़ी स्कोडा कार से हैंड ग्रेनेड भी बरामद करवाया। विदेश से ऑपरेट हो रही गैंग पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सागर सैनी निवासी सैनी माजरा (अंबाला) और प्रगट निवासी दबखेड़ी (कुरुक्षेत्र) विदेश से अपनी गैंग को ऑपरेट कर रहे हैं। दोनों लखबीर सिंह लांडा गैंग के मेंबर है। तंगौर गांव का रहने वाला सूर्यप्रताप काफी समय से इन दोनों के संपर्क में था और उन्हीं के इशारे पर यहां दहशत फैलाने की कोशिश में था। सरपंच से मांगी थी चौथ कुछ दिन पहले विदेश में बैठे सागर और प्रगट ने सरपंच सुरेंद्र सिंह उर्फ काला निवासी जनसुई (अंबाला) से चौथ मांगी थी। मांग पूरी नहीं होने पर सरपंच के घर और पेट्रोल पंप को बम से उड़ाने और उन पर फायरिंग करने की धमकी दी थी। सरपंच को डराने के लिए सूर्यप्रताप को ग्रेनेड से हमला करने का काम सौंपा था। फिलहाल STF जांच कर रही है। STF को मुखबिर से मिली थी सूचना STF अंबाला यूनिट के ASI कुलदीप सिंह की शिकायत के मुताबिक, 11 मई की रात शाहाबाद-नलवी रोड फ्लाईओवर के नीचे गांव कलसानी के पास से सूर्यप्रताप को काबू किया था। रिमांड के दौरान उसने खुलासा किया कि उसके पास हैंड ग्रेनेड भी है, जिसे उसने शाहाबाद-लाडवा रोड पर अपनी मोटर यार्ड में खड़ी स्कोडा कार में ग्रेनेड रखा है। पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस भी शामिल पूरी कार्रवाई STF अंबाला यूनिट और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने संयुक्त रूप से की। आने वाले दिनों में गैंग से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं। दोनों टीम गैंग का पूरा नेटवर्क खंगाल रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी के पास आए थे दो ग्रेनेड STF के SI दलजीत सिंह ने मीडिया को बताया कि आरोपी के पास कुल 2 हैंड ग्रेनेड आए थे। इनमें से एक ग्रेनेड उसका साथी पहले ही लेकर जा चुका था। यह हैंड ग्रेनेड चाइनीज मेड था। उनकी टीम जांच कर रही है कि यह ग्रेनेड कहां से आया है। साथ ही उसके दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।