कुरुक्षेत्र में कैथल के युवक ने नहर में लगाई छलांग:वीडियो में एजेंट पर लगाए 7.50 लाख हड़पने के आरोप: रात से लापता था

Spread the love

कुरुक्षेत्र में आज (मंगलवार) को कैथल के एक युवक ने एजेंट से परेशान होकर नहर में छलांग लगा दी। युवक कार में सवार होकर आया था, जिसने गाड़ी को पुल पर खड़ा किया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। युवक की पहचान कैथल जिले के गांव कौल निवासी पुनीत के रूप में हुई है। वह बीती रात से ही घर से लापता था। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुनीत अपनी कार लेकर पुल पर पहुंचा था। उसने कार को पुल किनारे खड़ा किया और अचानक नहर में छलांग लगा दी। घटना इतनी जल्दी हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। पुलिस ने युवक की कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई। छलांग लगाने से पहले बनाया वीडियो पुनीत ने नहर में कूदने से पहले अपनी कार में बैठकर एक वीडियो बनाया था। वीडियो में उसने दो लोगों पर विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं। पुनीत ने बताया कि 2024 में उसकी मुलाकात दोमाड़ा गांव के बिट्टू से हुई थी। बिट्टू ने उसके मौसी के बेटे बलजीत से मिलवाया था। आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया कि वे उसे विदेश भेज देगा। आरोपी बलजीत ने उसे न्यूजीलैंड भेजने का दावा किया। उससे सामान तक की पैकिंग करवा ली, लेकिन बाद में अपना फोन बंद कर लिए। इसके लिए आरोपी ने उससे साढ़े 7 लाख रुपए ले लिए। आरोपी खुद विदेश भागा इसके बाद आरोपियों ने उसे जर्मनी भेजने की बात कही। इसके लिए भी उससे दिल्ली तक के कई चक्कर लगवाए गए। कुछ समय बाद उसे पता चला कि एजेंट का काम करने वाला बलजीत खुद विदेश फरार हो गया है। इस पर उसने बिट्टू को पूरी बात बताई। तब बिट्टू ने कहा कि वह उसे अपने खर्चे पर विदेश भेजेगा। पुनीत ने बताया कि उसने पहले बिट्टू और बलजीत दोनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन जब बिट्टू ने उसे विदेश भेजने का वादा किया तो उसने बिट्टू के खिलाफ दी गई शिकायत वापस ले ली। बिट्टू ने उससे कहा कि वह विदेश जाने की फाइल खुद लगवा ले, जिसका खर्च वह दे देगा। रिश्तेदारों से भी नहीं मिली मदद इसके बाद उसने स्पेन की फाइल लगवाई। फाइल लगाने के बाद जब उसने बिट्टू को फोन कर पैसों के बारे में पूछा तो बिट्टू ने अपना फोन बंद कर लिया। उसने वीजा के लिए अपने रिश्तेदारों से भी मदद मांगी, लेकिन कहीं से कोई सहायता नहीं मिली। पुनीत ने वीडियो में कहा कि जिस एजेंट के जरिए उसने अब फाइल लगवाई है, उसने अपना काम सही तरीके से कर दिया, लेकिन उसके पास अब मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उसने कहा कि वह साढ़े 7 लाख रुपए की वजह से पूरी तरह बर्बाद हो गया है। बिट्टू की वजह से उसके साढ़े 7 लाख रुपए फंस गए। वीडियो में पुनीत ने कहा कि अगर उसकी मौत होती है तो इसके जिम्मेदार बिट्टू और बलजीत होंगे। उनकी वजह से उसे यह कदम उठाना पड़ रहा है। पत्नी ने रोकने की कोशिश की पुनीत के मामा के लड़के सतीश ने बताया कि पुनीत गांव में सीएससी सेंटर चलाता है। बीती रात वह बिना किसी को बताए घर से कार लेकर निकल गया था। उसकी पत्नी ने उसे रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वह नहीं रुका। बाद में परिजनों को फोन पर सूचना मिली कि उसकी कार कुरुक्षेत्र में नहर के पास खड़ी मिली है, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। सतीश ने बताया कि पुनीत ने विदेश जाने के लिए बिट्टु और बलजीत को करीब साढ़े 7 लाख रुपए दिए थे। एजेंटों ने न तो उसका वीजा लगवाया और न ही रकम वापस की। इसी बात को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। परिजनों के अनुसार, उन्होंने एजेंटों के खिलाफ ढांड थाना पुलिस को शिकायत भी दी हुई थी। फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और गोताखोरों द्वारा नहर में युवक की तलाश जारी है।