झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 स्थित देवीलाल पार्क के पास नहर किनारे युवती की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। युवती का कातिल कोई और नहीं, बल्कि उसका प्रेमी अभिषेक ही निकला। आरोपी ने पहले अपनी प्रेमिका चांदनी उर्फ मधु का चाकू से गला काटकर हत्या कर दी और बाद में खुद पर भी हमला कर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि वारदात के बाद अभिषेक ने खुद को बचाने के लिए दो युवकों द्वारा हमला किए जाने की झूठी कहानी बनाई थी, लेकिन घटनास्थल के हालात, मोबाइल चैट और दोनों के रिश्ते से जुड़े सबूतों ने उसकी कहानी की पोल खोल दी। पुलिस ने जब गहराई से जांच की तो साफ हो गया कि चांदनी की हत्या अभिषेक ने ही की थी। सोशल मीडिया पर दोनों की दोस्ती जानकारी के अनुसार, मृतका चांदनी उर्फ मधु मूलरूप से बिहार की रहने वाली थी और वर्तमान में बहादुरगढ़ के शक्ति नगर में परिवार के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि चांदनी और अभिषेक की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के परिवार भी इस रिश्ते और शादी के लिए राजी बताए जा रहे थे, लेकिन दोनो ने घरवालों के सामने इस बात को उजागर नही किया। माइनर पर मिला था युवती का शव शुक्रवार दोपहर देवीलाल पार्क के साथ लगती माइनर के पास लोगों ने एक युवती का शव और पास में गंभीर हालत में घायल युवक को देखा। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। चांदनी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि घायल अभिषेक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जांच में मामला किसी तीसरे व्यक्ति के हमले का लग रहा था, लेकिन पुलिस को घटनास्थल से कई अहम सुराग मिले। दोनों की चैट से मिली जानकारी जांच में यह भी सामने आया कि अभिषेक ही प्यार से चांदनी को मधु कहकर बुलाता था। पुलिस को दोनों की चैट और बातचीत से कई अहम जानकारियां मिलीं। जिसके बाद आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। परिवार को रिश्ते से नहीं था ऐतराज मृतका की मां वीना ने कहा कि यदि उनकी बेटी उन्हें सबकुछ बता देती, तो वे दोनों की शादी करवा देते। उन्होंने कहा कि परिवार को इस रिश्ते से कोई ऐतराज नहीं था, फिर भी अभिषेक ने उनकी बेटी की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अभिषेक से मृतका का टैब भी बरामद किया हैं।
बहादुगढ़ में प्रेमी ही निकला प्रेमिका का कातिल:चांदनी मर्डर केस, गर्लफ्रेंड का गला काटकर रची झूठी कहानी; चैट ने खोला राज
