नूंह जिले में दिल्ली-अलवर रोड पर शुक्रवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे एक सड़क हादसा हुआ। रोजका मेव थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने लोडिंग ऑटो को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में लोडिंग ऑटो में सवार एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात आगरा का एक परिवार गुरुग्राम में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। परिवार के लगभग 14 सदस्य एक लोडिंग ऑटो में यात्रा कर रहे थे। जब ऑटो रोजका मेव थाना क्षेत्र के कवरसीका गांव के पास पहुंचा, तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस इस हादसे में चांदनी (28 वर्ष), राम क्रांति (19 वर्ष) और तीन वर्षीय मृदुल की मौके पर ही मृत्यु हो गई। चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से सोहना के अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही रोजका मेव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। जांच अधिकारी दया चंद ने बताया कि ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस दुर्घटना से मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
नूंह में एक्सीडेंट में बच्चे समेत 3 की मौत:ट्रक ने मारी लोडिंग ऑटो को टक्कर, शादी में गुरुग्राम जा रहा था आगरा का परिवार
