रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव के लिए 10 मई को वोटिंग होनी है। उससे पहले कांग्रेस के लिए राहत की खबर है। पार्टी से बागी होकर निर्दलीय मैदान में उतरी पूर्व चेयरपर्सन शकुंतला भांडोरिया को पार्टी ने मना लिया है। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव उनके कंकरवाली स्थिति आवास पर पहुंच रहे हैं। उम्मीद है कि वे पार्टी की ऑफिशियल प्रत्याशी नेहारिका का समर्थन कर सकती हैं। शाम 6 बजे सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा नेहारिका के समर्थन में सभा करने पहुंच रही हैं। दैनिक भास्कर एप ने पक्ष जानने के लिए शकुंतला भांडोरिया को संपर्क किया। उनके सहयोगी ने कहा कि अभी मैडम की तबीयत कुछ ठीक नहीं है। दूसरी तरफ पूर्व विधायक चिंरजीव राव ने कहा-पूर्व चेयरपर्सन ने चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया है। पार्टी हित में यह कदम सराहनीय है। भांडोरिया ने बड़ा बलिदान दिया है। कांग्रेस सरकार में चेयरपर्सन रहीं शकुंतला भांडोरिया कांग्रेस सरकार के दौरान रेवाड़ी नगर परिषद की चेयरपर्सन रहीं। हालांकि बाद में भाजपा की सरकार बनी। जिसके बाद भांडोरिया को हटाकर विनीता पीपल को चेयरपर्सन बनाया गया था। विनीता इस बार भाजपा के टिकट पर चेयरपर्सन चुनाव लड़ रही हैं, जबकि कांग्रेस ने नेहारिका को प्रत्याशी बनाया। टिकट न मिलने पर निर्दलीय मैदान में उतरीं शकुंतला भांडोरिया कांग्रेस से टिकट मांग रही थीं। टिकट न मिलने पर नाराज हो गईं और निर्दलीय नामांकन भर दिया। वह प्रचार में भी जुटी थीं। इसी दौरान कांग्रेस की ओर से उन्हें मनाने के प्रयास हुए। पूर्व विधायक चिरंजीव राव ने कहा कि टिकट वितरण के बाद अक्सर ऐसी नाराजगी देखी जाती है। शकुंतला भांडोरिया के घर पर पत्रकार वार्ता कैप्टन अजय यादव के ऑफिस की तरफ से मंगलवार दोपहर दो मैसेज किए गए। पहला मैसेज दोपहर 1.58 और दूसरा मैसेज 2.16 मिनट पर आया। जिसमें पत्रकारवार्ता का स्थान पूर्व मंत्री के आवास की जगह निर्दलीय उम्मीदवार शकुंतला भांडोरिया के घर कर दिया। कैप्टन के ऑफिस से जारी किया गया दूसरा मैसेज चुनावी दौर में चर्चा का विषय बन गया। दो दिन में दो बड़े नेताओं का दौरा रेवाड़ी में सोमवार शाम को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह कांग्रेस उम्मीदवार का प्रचार करने आए थे। मंगलवार शाम 6 बजे कुमारी सैलजा चुनाव प्रचार के लिए आ रही हैं। शकुंतला भांडोरिया के चुनाव नहीं लड़ने को कुमारी सैलजा के दौरे से जोड़कर देखा जा रहा है। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव की समर्थक होने के साथ उन्हें सैलजा खेमा से भी जोड़ा जाता है।
रेवाड़ी में कांग्रेस ने बागी शकुंतला भांडोरिया को मनाया:पूर्व चेयरपर्सन निर्दलीय मैदान में उतरीं; पूर्व मंत्री कैप्टन आवास पर पहुंच रहे
