अलायंस एयर ने 15 पैसेंजर को बैठाने से इनकार किया:72 को कन्फर्म टिकट, लेकिन 48 सीटर विमान भेजा, युवती का इंटरव्यू छूटा; रीवा एयरपोर्ट पर हंगामा

Spread the love

मध्य प्रदेश के रीवा एयरपोर्ट पर रविवार रात अलायंस एयर प्रबंधन ने 15 यात्रियों को फ्लाइट में बैठाने से इनकार कर दिया। सभी यात्रियों के पास दिल्ली के लिए कन्फर्म टिकट था। इसके बावजूद उन्हें आखिरी समय में सवार होने से रोक दिया गया। जानकारी के मुताबिक, अलायंस एयर ने 72 सीटों की बुकिंग लेने के बावजूद केवल 48 सीटों वाला छोटा विमान भेज दिया। रात के समय अचानक सामने आई इस स्थिति से यात्री भड़क गए। एयरपोर्ट परिसर में जमकर हंगामा किया। नाराज यात्रियों ने एयरलाइन स्टाफ से जवाब मांगा, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आखिरकार, बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के यात्रियों को वापस लौटना पड़ा। युवती को इंटरव्यू के लिए दिल्ली जाना था अमरपाटन निवासी शिवानी जैन ने बताया, मुझे जरूरी इंटरव्यू के लिए दिल्ली जाना था। मेरी फ्लाइट रात 9 बजे थी, लेकिन मैं करीब 7 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गई थी, ताकि किसी तरह की दिक्कत न हो। मेरे पास कन्फर्म टिकट था, फिर भी मुझे बोर्डिंग से रोक दिया गया। देखिए देर रात तक चले हंगामे की 3 तस्वीरें… सिस्टम में नाम नहीं कहकर रोका, फिर बताया सीटें कम शिवानी जैन ने बताया कि बोर्डिंग के दौरान एयरलाइन स्टाफ ने पहले तकनीकी कारण बताकर उन्हें रोका। मुझे कहा गया कि सिस्टम में मेरे नाम का टिकट नहीं दिख रहा है। करीब एक घंटे तक इंतजार कराया गया। बाद में साफ तौर पर कहा गया कि विमान छोटा है और सीटें कम हैं, इसलिए मुझे यात्रा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। कन्फर्म टिकट के बावजूद यात्रा से रोके जाने पर शिवानी जैन और उनके परिजन का गुस्सा भड़क उठा। एयरपोर्ट परिसर में ही उन्होंने एयरलाइन और प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी इस अव्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। यात्रियों को पहले से सूचना नहीं दी गई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रियों ने अधिकारियों से जवाब मांगा कि जब टिकट कन्फर्म था, तो आखिरकार उन्हें क्यों रोका गया। विमान बदलने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। अगर समय रहते जानकारी मिल जाती, तो वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते थे। अधिकारियों ने मानी चूक, 15 यात्रियों को लौटाना पड़ा हंगामे के बीच एयरपोर्ट और एयरलाइन से जुड़े अधिकारियों ने यह स्वीकार किया कि बड़े विमान की जगह छोटा विमान आने के कारण सीटों की कमी हो गई। इसी वजह से करीब 15 यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।