पानीपत में एक्सीडेंट में नाबालिग चाचा-भतीजे की मौत:7 और 14 साल के दो बच्चों गाड़ी ने कुचला, 4 दिन बाद परिवार में है शादी

Spread the love

पानीपत के गांव बबैल से पलहेड़ी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बुधवार रात एक सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे मौजूद दो बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बच्चों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक आपस में चाचा-भतीजे थे। जिनके परिवार में 4 दिन बाद लड़की की शादी होनी है। घर के चिराग बुझे: विनित और गुणीत की मौत हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान गांव बबैल निवासी 7 वर्षीय विनित पुत्र सोनू और 14 वर्षीय गुणीत पुत्र साहब सिंह के रूप में हुई है। गुणीत परिवार का इकलौता चिराग था। उससे बड़ी लड़की है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे गांव के पास ही मार्ग पर मौजूद थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल, पर नहीं बची जान हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में राहगीर व ग्रामीण इकट्ठा हो गए। घायल बच्चों को तुरंत निजी वाहनों की मदद से पानीपत के सिविल अस्पताल लाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। कल होगा पोस्टमॉर्टम, परिजनों में कोहराम हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और बच्चों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमॉर्टम कल यानी गुरुवार को करवाया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।