हरियाणा के रेवाड़ी में अपने घर के बाहर सीढ़ियों पर पोछा लगा रही एक महिला वकील को पड़ोसियों के कुत्ते ने काट लिया। वकील का कहना है कि पड़ोसी कभी कुत्ते को उनके दरवाजे के पास तो कभी अपनी छत पर, उनके टॉवर के पास बांध देते हैं। कुत्ते के डर से उनके घर के बच्चे बाहर नहीं निकलते हैं और लोग भी घर आने से बचने लगे हैं। जब इस बारे में पड़ोसियों से बात की जाती है, तो वे गालियां देने लगते हैं। यह घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें पोमेरेनियन डॉग हमला करता हुआ दिख रहा है। शिकायत मिलने के बाद सिटी पुलिस ने तीन महिलाओं सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जानिए महिला वकील ने क्या आरोप लगाए… कुत्ते ने पैर पर काटा रामबास मोहल्ला निवासी एडवोकेट निशा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 अप्रैल को वह अपने घर की सीढ़ियों की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान पड़ोसियों ने अपना कुत्ता उन पर छोड़ दिया, जिससे कुत्ते ने उनके पैर पर काट लिया। भतीजे के भी पीछ़े दौड़ा कुत्ता निशा ने बताया कि कुछ दिन पहले पड़ोसियों ने उनके 8 वर्षीय भतीजे के पीछे भी कुत्ता लगा दिया था, जो बड़ी मुश्किल से बच पाया। उनका आरोप है कि उन्हें परेशान करने के लिए पड़ोसी कभी कुत्ते को उनके दरवाजे के पास तो कभी अपनी छत पर, उनके टॉवर के पास बांध देते हैं। कुत्ता अक्सर गली से आते-जाते लोगों पर भौंकता रहता है। बच्चे घर से बाहर निकलने में डरे निशा के मुताबिक, यदि वे कुत्ते को डांटते हैं तो पड़ोसी गालियां देने लगते हैं और उनके खिलाफ झूठी शिकायतें करते हैं। कुत्ते के डर से छोटे बच्चे अब घर से बाहर निकलने से डरने लगे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुत्ता गली से आने-जाने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों, पर कई बार हमला कर चुका है। पड़ोसी उन्हें परेशान करने के लिए गली से गुजरते समय कुत्ते को उनके पीछे छोड़ देते हैं और खुद हंसते हैं। जांच अधिकारी बोले- 4 के खिलाफ केस दर्ज किया भाड़ावास गेट चौकी से जांच अधिकारी SI विनोद कुमार ने बताया कि महिला वकील की शिकायत के आधार पर कुत्ता मालिक पड़ोसी परिवार के सदस्यों- राजेंद्र, सीमा, लवण्या और कमला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
महिला वकील को कुत्ते ने काटा,VIDEO:रेवाड़ी में घर की सीढ़ियों पर पोछा लगा रही थीं; बोलीं- विरोध करने पर पड़ोसी गाली देते हैं
