हरियाणा के कुरुक्षेत्र में रविवार शाम को पोलो गेम का आयोजन हुआ। इसमें कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल ने खुद अपनी टीम की कप्तानी की। मैच के दौरान उन्होंने टीम की ओर से सर्वाधिक 6 गोल कर टीम को जीत दिलाई। सांसद जिंदल के फार्म हाउस सांवला गांव के मैदान में कुरुक्षेत्र और कैथल टीम के बीच मैच हुआ। पोलो के मैच में कुरुक्षेत्र की टीम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाकर रखी। टीम ने पहले ही राउंड में स्कोर 2-1 करके बढ़त बना ली। आखिर में कुरुक्षेत्र की टीम ने कैथल को 9-7 के अंतर से हराकर मैच जीत लिया। कैथल टीम के कैप्टन अक्षय मलिक ने 2, आरिफ खान ने 3 और प्रणव कपूर ने 2 गोल किए। जिंदल बोले- मूंछे घर की खेती, जब चाहो रख लो यहां पहली बार नवीन जिंदल मूंछों में नजर आए। खेल में ब्रेक के बीच जिंदल ने मूंछे रखने पर कहा कि लोग मुझसे मूंछों रखने को लेकर पूछ रहे हैं। इसलिए मेरी सोच भी ऐसी हो गई कि मैं भी सामने वाले की मूंछे देख रहा हूं। ये तो घर की खेती है, जब चाहो रख लो, जब चाहो छोड़ दो। इस पर लोग खिलखिला कर हंस पड़े। दूसरा राउंड रहा बराबर दूसरे राउंड में दोनों टीम 1-1 गोल करके बराबरी पर रही। तीसरा राउंड पूरा कुरुक्षेत्र टीम के नाम रहा। इस राउंड में कुरुक्षेत्र टीम ने 3 गोल किए, लेकिन कैथल की टीम कोई गोल नहीं कर पाई। इसमें 2 गोल जिंदल ने दागे थे। चौथा राउंड काफी रोमांचक रहा। इस राउंड में कैथल की टीम हावी रही। चौथे राउंड में कैथल के पांच गोल कैथल की टीम ने खेल बराबर करने की पूरी कोशिश की। इस राउंड में कुरुक्षेत्र की टीम सिर्फ 3 गोल ही कर पाई, जबकि कैथल की टीम ने 5 गोल किए। मैच में जिंदल की टीम में उनके बाद कृष्णा अंकैया ने दो और महेश कुमार ने एक गोल किया। पिछली बार हुए मैच को भी कुरुक्षेत्र टीम ने जीता था। उस मैच को कुरुक्षेत्र ने 7-4 के अंतर से जीता था। न्यूजीलैंड और अर्जेंटीना से मंगवाई घोड़ी ब्रेक के बीच सांसद नवीन जिंदल ने अपनी घोड़ियों की जानकारी दी। पहले राउंड में जिंदल ने पोली नाम की घोड़ी पर बैठकर मैच खेला। यह घोड़ी न्यूजीलैंड से मंगवाई गई थी। जिंदल ने कहा कि पोलो में इस्तेमाल होने वाले घोड़े को पोलो ब्रीड कहा जाता है। पोलो गेम के लिए घोड़ा तैयार करने में 3 साल से ज्यादा का समय लग जाता है। हर सेकेंड 40 फीट दौड़ती है लूमेनारिया जिंदल ने बताया कि उनकी दूसरी घोड़ी लूमेनारिया को अर्जेटीना से मंगवाया है। यह घोड़ी एक सेंकेंड में 40 फीट का फासला तय करती है। इस घोड़ी को अर्जेटीना में गेम की ट्रेनिंग दी गई है। पोलो गेम में प्लेयर्स के पास 4 से ज्यादा घोड़े होते हैं, क्योंकि हर राउंड के बाद घोड़ा बदलना जरूरी है। कई बार खेलते हुए घोड़े घायल भी हो जाते हैं। चार महीने में दूसरी बार मैच इससे करीब 4 महीने पहले पहली बार कुरुक्षेत्र में पोलो का मैच खेला गया। सांसद नवीन जिंदल अपनी लोकसभा क्षेत्र में पोलो गेम को डेवलप करने के इरादे से इवेंट करवा रहे हैं। इस मैच को देखने के लिए आसपास गांव के लोग बड़ी संख्या में मैदान में पहुंचे थे। मैच में सांसद जिंदल (55) सबसे उम्रदराज प्लेयर रहे। हर राउंड में बदले घोड़े पोलो गेम के दौरान 4 राउंड हुए। इस बार हर राउंड को 5 मिनट का रखा गया। अमूमन पोलो में हर राउंड 7 मिनट का होता है, लेकिन मौसम को देखते हुए समय बदला गया। हर राउंड के बाद 3 मिनट का ब्रेक हुआ। इस ब्रेक में सभी प्लेयर्स ने अपने घोड़े बदले, लेकिन जिंदल ने दर्शकों को गेम के रूल की जानकारी दी। महिला आरक्षण होकर रहेगा- जिंदल मीडिया से बातचीत में जिंदल ने महिला आक्षरण बिल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का कहना कि विपक्ष ने मिलकर हमारी माताओं और हमारी बहनों का हक उनसे छीना है। लेकिन वे इसके लिए दृढ़ संकल्पित है कि वो हक, हमारी माताओं और बहनों को दिलाकर रहेंगे। महिला आरक्षण होकर रहेगा। 100 फुट बोरवेल में गिरे प्रिंस से मिले जिंदल उधर, मैच खेलने के बाद सांसद जिंदल ने युवक प्रिंस से मुलाकात की। बताते चलें कि 21 जुलाई 2006 को प्रिंस अपने 5वें जन्मदिन पर अपने गांव हल्देहड़ी में करीब 100 फुट गहरे बोरवेल में गिरा था। यह देश की पहली घटना थी। तब भारतीय सेना के लगभग 50 घंटे तक चले अभियान के बाद उसे 23 जुलाई को सुरक्षित बाहर निकाला था। प्रिंस अंबाला से आईटीआई कर रहा है।
कुरुक्षेत्र सांसद जिंदल की टीम 2 गोल से जीती:6 गोल कर जितवाया पोलो मैच; मूंछों में आए नजर, बोरवेल में गिरे प्रिंस से मिले
