पानीपत रिफाइनरी से तेल लेकर हिमाचल प्रदेश जा रहे एक टैंकर के संदिग्ध परिस्थितियों में पलटने और उसमें से करीब 11 लाख रुपए का तेल चोरी होने का मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर ने टैंकर के ड्राइवर और कंडक्टर पर जानबूझकर गाड़ी पलटाने और तेल चोरी कर उसे बेचने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यहां जानिए क्या है पूरा मामला राजेश कुमार ट्रांसपोर्ट रिफाइनरी पानीपत के मैनेजर संदीप ने SP को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी का रिफाइनरी के अंदर ट्रांसपोर्ट का टेंडर है। 23 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2:28 बजे तेल टैंकर रिफाइनरी से हिमाचल के पोंटा साहिब के लिए रवाना हुआ था। इस टैंकर पर करनाल निवासी पंकज राणा ड्राइवर और अरुण कंडक्टर के रूप में तैनात थे। हादसे की आड़ में चोरी का खेल मैनेजर के अनुसार, टैंकर उसी रात करीब 8 बजे पोंटा साहिब पहुंच गया था। यात्रा के दौरान नैना टीकर के पास आरोपियों ने गाड़ी को सड़क पर पलटा दिया। हादसे के बाद जब जांच की गई, तो पता चला कि टैंकर का ढांचा सुरक्षित होने के बावजूद उसके अंदर मौजूद करीब 11,02,584 (ग्यारह लाख दो हजार पांच सौ चौरासी) रुपए का तेल गायब था। सबक सिखाने की दी थी धमकी शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ड्राइवर पंकज राणा पिछले कई दिनों से एडवांस पेमेंट के लिए दबाव बना रहा था। पेमेंट न मिलने पर उसने मैनेजर को सबक सिखाने की धमकी भी दी थी। मैनेजर का दावा है कि इसी रंजिश के चलते ड्राइवर और कंडक्टर ने मिलकर पहले तेल चोरी कर किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया और फिर चोरी छुपाने के लिए जान-बूझकर टैंकर को लापरवाही से चलाकर पलट दिया।
पानीपत में टैंकर पलटाकर 11 लाख का तेल चोरी:एडवांस पेमेंट नहीं मिलने पर ड्राइवर ने दी थी धमकी, हिमाचल जाते वक्त वारदात
