फतेहाबाद जिले की रतिया सीट से विधायक जरनैल सिंह ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा है। जरनैल सिंह ने उनका क्रॉस वोटिंग में नाम उछालकर उन्हें बलि का बकरा बनाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यह खेल खेला गया है। यह खेल आज का नहीं है, काफी पुराना है। तीसरी-चौथी बार खेल हुआ है। पहले भी इसमें बहुत लोग पिसे गए हैं। वह किसी का नाम नहीं लेना चाहते। मगर हो सकता है कि सीएम की प्रशंसा कर दी, इस कारण उनका नाम लिया गया हो। जरनैल सिंह ने कहा कि यह बहुत छोटी सोच की राजनीति है। मुझ पर झूठा आरोप क्यों लगाया गया। यह लगाने वाला जानें। किसको बचाया जा रहा है, किसको मरवाया जा रहा है, वही जानें। जरनैल सिंह शुक्रवार को रतिया में प्रमुख समर्थकों को साथ लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने इस पूरे मुद्दे पर खुलकर बात की। जरनैल का कहना है कि उन्हें अभी तक सस्पेंड ही किया है, पार्टी से निकाला नहीं गया है। जरनैल ने कहा कि 16 मार्च को राज्यसभा का चुनाव हुआ, जिसमें उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध को वोट डाला है। उनके ऊपर झूठा आरोप लगाया गया। उन्हें 2 नोटिस मिले थे, जिनमें एक इनवेलिड वोट और दूसरा क्रॉस वोटिंग का। उन्होंने जवाब दिया कि मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं और कांग्रेस प्रत्याशी को वोट दी है। हुड्डा साहब को दिखाकर वोट दी है। आज भी वह अपनी बात पर अटल है। उन्होंने अपना जवाब हाईकमान को भी दे दिया था। बोले-मैंने पहली बार कांग्रेस को जीत दिलाई जरनैल सिंह ने कहा कि उन्हें 87 हजार लोगों ने वोट देकर चुना। उनको मेरे ऊपर पूरा भरोसा है। मेरे कार्यकर्ताओं और वोटर्स के साथ 40 साल का रिश्ता है। रतिया हमेशा लोकदल का गढ़ रहा। कांग्रेस का एमएलए पहले रतिया में कभी नहीं बना। मुझे दो बार यहां की जनता ने विधायक बनाया है। सस्पेंड करने से मुझे और मेरे साथियों को बड़ा झटका लगा है। मैं आज भी यही कह रहा हूं कि कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं। ये आरोप झूठे हैं। हलके की जनता को विश्वास दिलाने के लिए तैयार हूं। इस घटनाक्रम के बाद हुड्डा से कोई बात नहीं हुई जरनैल सिंह ने बताया कि इस घटनाक्रम के बाद उनकी पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा से कोई बात नहीं हुई। सिर्फ वोटिंग के समय ही एक बार बात हुई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से मिलकर अपनी बात रखने की कोशिश करेंगे, अगर वह मिलना चाहेंगे तो। जनता से राय लेंगे, जैसे समर्थक कहेंगे, वैसे करूंगा जरनैल सिंह ने कहा कि इस फैसले के बाद से जनता की सहानुभूति मुझे मिल रही है। आगे का भी कोई फैसला लेने से पहले जनता से राय लूंगा। मेरे समर्थक जैसा कहेंगे, वैसा ही करूंगा। सीएम से तो भविष्य में भी मिलते रहेंगे क्योंकि हलके के काम करवाने के लिए उनके पास जाना ही पड़ेगा।
रतिया विधायक का अपनी ही पार्टी पर तंज:बोले-मुझे बलि का बकरा बनाया, पहले भी कई लोग पीसे गए; पता नहीं किसको बचा रहे
