करनाल शहर के मेरठ रोड स्थित सूरज नगर में एक पटाखा गोदाम में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे में एक बच्ची घायल हो गई, जबकि गोदाम और पास बने मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। गोदाम का लैंटर उड़ गया और पड़ोसी मकान की दीवार ढह गई। आसपास के कई मकानों में दरारें भी आ गईं। गनीमत यह रही कि हादसे के समय गोदाम के अंदर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। 3 महीने पहले किया गया था गोदाम सील पीड़ित महिला राकेश ने बताया कि दीपावली से पहले यहां पटाखा फैक्ट्री चलती थी। बाद में मालिक मोहन लाल ने फैक्ट्री बंद कर पटाखे अंदर ही रख दिए। महिला के अनुसार, उन्होंने कई बार मालिक को चेतावनी दी थी कि यहां पटाखे रखना खतरनाक है, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि हाल ही में लोन लेकर मकान बनाया था, लेकिन धमाके से दीवार गिर गई और उनकी बेटी को भी चोट आई है। पीड़ित परिवार ने मालिक से मुआवजे की मांग की है। प्रशासन ने बंद कराया, लेकिन सामान नहीं हटाया स्थानीय निवासी राम प्रकाश ने बताया कि दीपावली से पहले यहां फैक्ट्री चल रही थी, जिसे बाद में प्रशासन ने बंद करवा दिया था। हालांकि, अंदर रखे पटाखों को नहीं हटाया गया। इसी कारण अचानक आग लगने से जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि गोदाम का पूरा लैंटर उड़ गया और साथ बने मकान की दीवार भी गिर गई। फायर कर्मियों ने एक घंटे में पाया काबू फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। मामले की जांच में जुटी पुलिस सेक्टर 32-33 थाना के एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि पटाखा गोदाम में ब्लास्ट की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि यहां अवैध रूप से पटाखे रखे हुए थे। ब्लास्ट किन कारणों से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में वो हर पहलू की गहनता से जांच कर रहे है, ताकि दोषी के खिलाफ कार्रवाई सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
करनाल के पटाखा गोदाम में ब्लास्ट, लैंटर उड़ा:एक बच्ची घायल, पड़ोसी मकान की दीवार ढही; कई घरों में आई दरारें
