आगरा में खुद को भाजपा नेता बताने वाले महिपाल चौधरी का अब होटल में डांसर के साथ वीडियो सामने आया है। इसमें महिपाल कुर्सी पर बैठा दिख रहा। कमरे में दो लड़कियां डांस कर रही हैं। हालांकि, ये वीडियो कब का है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। महिपाल चौधरी खुद को भाजपा का मीडिया प्रभारी बताता है। शहर में कई जगह लगे पोस्टर में भी उसने खुद को भाजपा नेता बताया है। हालांकि, आगरा भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने दावा किया कि महिपाल चौधरी हमारी पार्टी का नहीं है। दरअसल, 6 अप्रैल को जगदीशपुरा इलाके में महिपाल होटल ‘स्मार्ट व्यू इन’ में दो महिलाओं के साथ पहुंचा। होटल संचालक अनिल कुमार से पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, महिपाल ने खुद को अफसर बताते हुए स्टाफ को डराया-धमकाया। फिर 2 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। अनिल की शिकायत पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिपाल चौधरी मौके से भाग निकला। पुलिस ने महिपाल चौधरी पर 10 अप्रैल को रंगदारी मांगने की एफआईआर दर्ज की। हालांकि, 9 अप्रैल को ही हाथरस पुलिस ने महिपाल चौधरी को एक दूसरे मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा है। देखें होटल के कमरे का वीडियो… महिपाल के सामने नाचती दिखीं डांसर
महिपाल चौधरी का सोमवार को जो वीडियो वायरल हुआ है, वह एक होटल के कमरे का है। वह खुद कुर्सी पर बैठा है, जबकि दो लड़कियां उसके सामने डांस कर रही हैं। बेड पर शराब की बोतल और गिलास रखे हैं। पुलिस के मुताबिक, पार्टी में शामिल किसी व्यक्ति या होटल के वेटर ने ये वीडियो बनाया। फिर इसे महिपाल की गिरफ्तारी के बाद इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। स्कार्पियो से होटल पहुंचा, स्टाफ को धमकाने लगा
होटल ‘स्मार्ट व्यू इन’ के संचालक अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि महिपाल चौधरी नाम का व्यक्ति काली स्कॉर्पियो से आया। उसके साथ दो महिलाएं और अन्य साथी भी थे। होटल में एंट्री करते समय उसने खुद को अफसर बताते हुए स्टाफ को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। होटल के रजिस्टर और आईडी चेक करने के नाम पर कमरों की तलाशी ली। भाजपा नेताओं के साथ फोटो खिंचवाता था
महिपाल चौधरी खुद को भाजपा का मीडिया प्रभारी बताता है। उसके सोशल मीडिया पर कई भाजपा नेताओं के साथ फोटो हैं। यही नहीं, पिछले दिनों आगरा में वह योगी की जनसभा में भी मीडिया कर्मी बनकर पहुंचा था। पुलिस जांच में सामने आया कि महिपाल चौधरी नवनिर्मित बिल्डिंग, बिना नक्शा पास कराए हो रहे निर्माण पर नजर रखता था। बाद में वहां पर पहुंचकर धमकाता था और वसूली करता था। आगरा पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिपाल पर हाथरस में एक डॉक्टर को धमकाकर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज था। डॉक्टर की क्लिनिक पर एक मरीज की मौत हो गई थी। महिपाल ने प्रदर्शन कर यहां 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। इसी मामले में हाथरस पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। आगरा पुलिस अब उसे बी-वारंट पर लाने की तैयारी में है। आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा- महिपाल सिंह चौधरी के पास पार्टी का कोई पद नहीं है, न ही वह भाजपा कार्यकर्ता है। अगर उसने कहीं पर अपने आप को भाजपा का मीडिया प्रभारी बताया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंडल अध्यक्ष पिंटू शर्मा नेवी ने कहा- महिपाल चौधरी मेरे मंडल में रहता है। एक बैठक में उससे मुलाकात हुई थी। उसके बारे में और कुछ नहीं जानता। महिपाल चौधरी मूलरूप से हाथरस का रहने वाला है। वर्तमान में आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के केके नगर में रह रहा है। वो होटल किराए पर लेकर उसका संचालन करता है। पुलिस ने बताया कि महिपाल पर रंगदारी और ब्लैकमेलिंग के अन्य जिलों में मामले दर्ज हैं। उसका पता लगाया जा रहा है। उस पर जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप है। ———————– ये खबर भी पढ़िए- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर ऊपर गाड़ियां चलेंगी, नीचे जानवर निकलेंगे:135KM यूपी से गुजरेगा, 6 घंटे का सफर 3 घंटे में पूरा होगा पीएम नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्धाटन करेंगे। इसकी सबसे खास बात यह है कि शुरुआत के 18 किलोमीटर तक कोई टोल नहीं देना होगा। 212 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे का करीब 135 किलोमीटर (64%) हिस्सा यूपी से होकर गुजरता है। इसी वजह से ये जितना फायदेमंद उत्तराखंड के लिए है, उतना ही यूपी के लिए भी है। पूरी खबर पढ़िए
आगरा में BJP नेता का डांसर के साथ VIDEO:होटल संचालक को वसूली के लिए धमकाया; जिलाध्यक्ष बोले- हमारी पार्टी का नहीं
