उपायुक्त ने एमजीएम में उपकरणों की शिफ्टिंग को लेकर की चर्चा

Spread the love

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जिन भी इकाइयों से संबंधित उपकरण अब तक पुराने भवन में हैं, उनकी जल्द शिफ्टिंग सुनिश्चित की जाए ताकि परिसर का समुचित उपयोग हो सके। उन्‍होंने कहा कि ओपीडी और आपातकालीन सेवाओं में मरीजों को बिना किसी परेशानी के इलाज मिले, इसके लिए स्टाफ की नियमित उपस्थिति और समन्वय बना रहे। उपायुक्‍त ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, ऑक्सीजन, बेड, वेंटिलेटर की अद्यतन जानकारी ली। उन्‍होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके, इसके लिए चिकित्सकों, नर्सों सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति और जवाबदेही तय हो।

उपायुक्त ने कहा कि एमजीएम अस्पताल में हर दिन बड़ी संख्या में मरीज बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं। यह हमारी जिम्मेदारी है कि अस्पताल की सेवाएं न केवल सुलभ और समयबद्ध हों, बल्कि मरीजों को बेहतर वातावरण भी मिले। पुराने भवन से शिफ्टिंग, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, सफाई व्यवस्था, चिकित्सकीय जवाबदेही, इन सभी पहलुओं पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्‍होंने अधिकारियों से कहा कि इन कार्यों को आगे बढ़ायें। ताकि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में निदेशक एनईपी, सिविल सर्जन, एमजीएम कॉलेज और अस्पताल के प्राचार्य, अधीक्षक, उपाधीक्षक, निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।