सीतामढ़ी में नेपाल के 10 कैदी पकड़े गए:जलेश्वर जेल से 550 कैदी भागे थे, भारत-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी

सीतामढ़ी में नेपाल के 10 कैदी पकड़े गए:जलेश्वर जेल से 550 कैदी भागे थे, भारत-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी

नेपाल में जारी हिंसक आंदोलन के बीच मंगलवार देर शाम महोतरी के जलेश्वर जेल से 550 कैदियों के फरार होने की बड़ी घटना सामने आई। इस घटना ने पूरे सीमावर्ती इलाके में हड़कंप मचा दिया है। नेपाल प्रशासन ने कैदियों के फरार होने की पुष्टि की है। वहीं, घटना के बाद से सीतामढ़ी सहित नेपाल से सटे जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां चौकसी में जुट गई हैं। जेल ब्रेक के बाद कई कैदी भारत की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे। देर रात सीमा सुरक्षा बल (SSB) के जवानों ने सीतामढ़ी के सुरसंड और भिट्ठा इलाके से 10 फरार कैदियों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए कैदियों में 2 भारतीय भी शामिल हैं। SSB ने सभी कैदियों को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। इनमें से 7 कैदी भिट्ठा ओपी और 3 सुरसंड थाना को सौंपे गए हैं। भारतीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी नेपाल का यह इलाका सीतामढ़ी के भीठ्ठा बॉर्डर से महज 10 किलोमीटर दूर है, जिससे भारतीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। आशंका है कि बड़ी संख्या में कैदी भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास कर सकते हैं। इसी को देखते हुए SSB की 51 बटालियन के जवानों ने सीमा से सटे हनुमान चौक, सोनबरसा बाजार, इंदरवा, सहोरबा, लालबंदी, लरकवा, बलुआहा और कन्हौली नाका सहित कई इलाकों में गश्त तेज कर दी है। आने-जाने वाले हर व्यक्ति और वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है। पहचान पत्र दिखाने के बाद ही नागरिकों को आवाजाही की अनुमति दी जा रही है। सीतामढ़ी SP ने देर रात सीमावर्ती थानों का किया निरीक्षण सीमा पर नेपाल शस्त्र बल के जवान भी लगातार जांच में लगे हुए हैं। इस बीच सीतामढ़ी SP अमित रंजन ने सोमवार देर रात सीमावर्ती थानों का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने व हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क नेपाल में उत्पन्न अस्थिरता और जेल ब्रेक की इस बड़ी घटना से भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। फिलहाल सीमा पर पुलिस और SSB लगातार संयुक्त गश्त कर रही है ताकि कोई भी फरार कैदी भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *