बेगूसराय में एक युवक की हत्या कर लाश को कब्रिस्तान में दफना दिया गया। पुलिस ने मृतक के पत्नी के बयान के आवेदन के आधार पर कार्रवाई की। 3 सितंबर को दफनाए गए लाश को शनिवार की शाम में कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के फैजपुर बरबीघी गांव की है। फैजपुर बरबीघी के रहने वाले मो. वाजिद के बेटे मोहम्मद यूनुस (25) की लाश 3 सितंबर की सुबह घर में मिली थी। इसके बाद आनन-फानन में उसकी लाश को कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया। मृतक के पिता का कहना है कि चचेरे भाई ने लाश को ग्रामीणों के साथ मिल कर दफना दिया। मैं नर्वस हो गया था। आरोप है कि चचेरे भाई मो. करकु व मो. रियाज ने 2 सितंबर की रात खाने-पीने के दौरान बेरहमी से पीट कर और गला दबाकर हत्या कर दी। लाश को उसके घर के कमरे में साड़ी से लपेटकर छोड़ दिया। 3 सितंबर की सुबह परिजनों को इसका पता चला तो स्थानीय लोगों की पहल पर कब्रिस्तान में दफना दिया। फिलहाल, आरोपी फरार है। पुलिस इसकी तलाश कर रही है। तीन दिन बाद पुलिस के पास पहुंची पत्नी घटना के तीन दिन बाद मृतक की पत्नी अफसाना खातून ने साहेबपुर कमाल थाना व बलिया डीएसपी के सामने अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए गुहार लगाई। अफसाना का आरोप है कि उसके चचेरे देवर करकु व रियाज ने हत्या कर दी। वह अपने मायके वनद्वार में थी और पति घर पर थे। महिला के अनुसार पति की मौत की सूचना मिलने पर ससुराल पहुंची, तो चचेरे देवर ने उसे कमरे में बंद कर दिया। उसके पति की लाश को दफना दिया। अफसाना के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए मजिस्ट्रेट की देखरेख में आज शाम लाश को कब्रिस्तान से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। हत्यारे ने दफनाया शव मृतक के पिता मो. वाजिद ने बताया कि 2 सितंबर की रात में खाने-पीने के दौरान उसके बेटे की हत्या कर घर में रख दिया था। वह उस समय नर्वस थे, हत्यारे और गांव वालों ने मिलकर शव को दफना दिया। अब बहू ने थाना में शिकायत की, जिसके बाद आज कब्र से लाश को निकाला गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता और वकील अमरेन्द्र कुमार अमर ने बताया कि वनद्वार के रहने वाले विक्रम और मोनू की जोड़ी के प्रयास से न्याय के लिए कब्र से लाश निकाली गई है। कल विक्रम ने इस घटना की जानकारी दी थी। जिसमें अफसाना का कहना था कि ससुराल में लोगों ने पति को पीटा और मर जाने पर जल्दी से कब्र में दफन कर दिया। मैंने थानाध्यक्ष से बात कर स्थिति को स्पष्ट करने को कहा। लगातार दबाव और बलिया डीएसपी के हस्तक्षेप के बाद केस दर्ज किया गया। कब्र से लाश निकालकर पोस्टमार्टम करने का आदेश दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है, लेकिन आरोपी फरार हो गया है। थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज हुई। लाश को कब्रिस्तान से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा।
हत्या के 4 दिन बाद कब्र से निकाली लाश:बेगूसराय में पिता बोले- हत्यारोपी भाई ने ग्रामीणों के साथ मिल कर दफनाई लाश, मैं नर्वस था
