आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा एयरपोर्ट पर गुरुवार को बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की IX2011 फ्लाइट से एक पक्षी टकरा गया। प्लेन के टेक ऑफ करने के पहले की घटना है। इससे विमान की नोज यानी आगे के हिस्से को नुकसान पहुंचा है। जैसे ही पायलट ने विमान का इंजन चालू किया, एक बाज विमान से टकरा गया। विजयवाड़ा से टेक ऑफ का समय सुबह 8:15 बजे का था। विमान को 9:40 बजे बेंगलुरू पहुंचना था। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, विमान में 160 से 165 यात्री थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि वह यात्रियों के बेंगलुरु पहुंचने के लिए दूसरे विमान का इंतजाम कर रही है। तीन दिनों में विमान से पक्षी टकराने का दूसरा मामला पिछले तीन दिनों में दूसरी बार किसी भारतीय विमान से पक्षी के टकराने के कारण फ्लाइट कैंसिल हुई है। इससे पहले नागपुर से कोलकाता जा रही इंडिगो 6E812 फ्लाइट से मंगलवार को पक्षी टकरा गया। इससे विमान की नागपुर में ही इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 272 यात्री सवार थे। घटना सुबह 7:01 बजे की थी। विमान को 8:50 बजे कोलकाता पहुंचना था। एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियो का कहना है कि उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही विमान से एक पक्षी टकरा गया। विमान की नोज से पक्षी का टकराना क्यों खतरनाक है प्लेन की नोज से पक्षी टकराने पर खतरा इसलिए होता है, क्योंकि वहीं रडार और कंट्रोल सिस्टम होता है। इनमें खराबी आने से पायलेट को सही दिशा और बैलेंस पता करने में दिक्कत हो सकती है। टक्कर से प्लेन की बॉडी टूट सकती है, इंजन तक नुकसान पहुँच सकता है, जिससे क्रैश होने का खतरा बढ़ जाता है। भारतीय विमानों में तकनीकी खराबी के अन्य मामले… 1 सितंबर: पुणे से दिल्ली जा रही फ्लाइट में तकनीकी खराबी, एक घंटे बाद लौटी पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट की सोमवार को इमरजेंसी लैंडिंग हुई। प्लेन ने सुबह 6:40 बजे पुणे से उड़ान भरी। इसे 8:10 बजे दिल्ली पहुंचना था। लेकिन बीच में हुई तकनीकी दिक्कत की वजह से टेक-ऑफ के एक घंटे बाद पुणे में प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। 31 अगस्त:: दिल्ली से इंदौर आ रही फ्लाइट के इंजन में आग, इमरजेंसी लैंडिंग दिल्ली से इंदौर आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2913 में टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी आ गई। कॉकपिट में हवाई जहाज के दाहिने इंजन में आग लगने का अलर्ट मिला। जिसके बाद पायलट ने तुरंत दाहिना इंजन बंद कर दिया और एक इंजन पर विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। 29 अगस्त- देहरादून-हैदराबाद फ्लाइट की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग देहरादून से हैदराबाद जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को गुरुवार को जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी। —————————————————————— ये खबर भी पढ़ें… कजाकिस्तान से दिल्ली जा रही फ्लाइट जयपुर में लैंड हुई:खराब मौसम की वजह से डायवर्ट की गई कजाकिस्तान के अल्माटी से दिल्ली जा रही अस्ताना एयरलाइंस की इंटरनेशनल फ्लाइट मौसम खराब होने की वजह से आखरी वक्त पर दिल्ली में लैंड नहीं कर पाई। इसे एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट ने जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया है। इसके बाद सुबह लगभग 11 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट की सफल लैंडिंग हुई। पूरी खबर पढ़ें…
विजयवाड़ा से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट से पक्षी टकराया:टेक ऑफ के दौरान हुई घटना; 3 दिन में पक्षी टकराने का दूसरा मामला
