जमुई के झाझा थाना क्षेत्र के बाराजोर गांव में महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। 27 वर्षीय काजल कुमारी का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। मृतका के परिजन ने पति आलोक कुमार उर्फ बमबम यादव और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई विनोद कुमार ने बताया कि उनकी बहन की शादी 2020 में आलोक कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज के लिए काजल को प्रताड़ित किया जा रहा था। हाल ही में स्कॉर्पियो खरीदने के लिए मायके से पैसे की मांग की जा रही थी। गला दबाकर हत्या करने का आरोप परिजनों का आरोप है कि पैसे नहीं मिलने पर काजल की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव को 6 फीट ऊंचे छज्जे में टांगकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ कि आरोपी आलोक की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली पत्नी की भी 2019 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसे भी आत्महत्या बताया गया था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। जांच में जुटी FSL की टीम घटना की जानकारी के बाद एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। झाझा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि एक महिला की मौत हुई है। मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है जांच का कार्रवाई की जाएगी।
जमुई में फंदे से लटका मिला महिला का शव:परिजन ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप, पति गिरफ्तार
