बागपत में महज 500 रुपए की शर्त के लिए एक युवक ने उफनाती यमुना नदी में पुल से छलांग लगा दी। नदी में गिरते ही वह खुद को संभाल नहीं पाया और दोस्तों के सामने ही तेज धार में बह गया। युवक को बहता देख दोस्तों ने चीख पुकार मचाई। यह देखकर आसपास मौजूद गोताखोर मौके पर पहुंचे। तलाश के लिए नदी में कूदे, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस और कुछ दूरी पर ही NDRF की टीम थी। वह भी बोट लेकर उतर गई। NDRF और स्थानीय गोताखोरों ने करीब 3 किमी तक तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। घटना बुधवार दोपहर 2.30 बजे की है। 3 तस्वीरें देखें… दोस्तों के साथ यमुना पुल पर पहुंचा था
शहर कोतवाली क्षेत्र के निवाड़ा गांव का निवासी जुनैद (22) अपने 3 दोस्तों के साथ बुधवार दोपहर 2 बजे घर से निकला। दोस्तों के साथ वह यमुना पुल पर पहुंच गया। जुनैद के दोस्तों ने बताया कि यमुना का उफान को लेकर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान मजाक-मजाक में शर्त लग गई कि कौन यमुना नदी को पार कर सकता है। जुनैद ने 500 रुपए में यमुना नदी को पार करने की शर्त लगा ली। दोस्त इसे मजाक समझ रहे थे तभी अचानक से जुनैद यमुना में कूद गया। उसे कूदता देखकर दोस्त हड़बड़ा गए। हालांकि, उन्हें लगा कि वह तैरकर बाहर आ जाएगा। करीब 50 मीटर तक वह यमुना में तैरा भी, लेकिन उसके बाद उसकी सांसें टूटने लगी। वह लहरों के बीच गायब हो गया। यह देखकर दोस्त घबरा गए। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद रेस्क्यू शुरू हुआ। उधर, जुनैद के भाई जावेद ने बताया- गांव के ही युवकों ने उसके भाई को यमुना नदी में तैरने के लिए भेजा और बचा लेने की बात कही। जुनैद और उसके दोस्तों में यमुना नदी तैरकर पार करने को लेकर शर्त लगी थी। जावेद ने गांव के शाकिर और मोहम्मद पर भाई से शर्त लगाने का आरोप लगाया। नदी किनारे ही रहता था, अच्छा तैराक था
स्थानीय लोगों ने बताया- नेवाड़ी मोहल्ला यमुना नदी के बिल्कुल किनारे ही बसा हुआ है। यहां रहने वाले अधिकतर युवा अच्छे तैराक हैं। जुनैद भी अच्छा तैराक था, पर नदी के तेज बहाव के कारण वह डूब गया। सामान्य दिनों में वह कई बार यमुना नदी को तैरकर पार कर चुका था। दोस्तों ने बताया कि बुधवार को भी वह उसी कॉफिडेंस में था। इसीलिए, उफनाई यमुना में कूद गया। लेकिन, तेज बहाव की वजह से ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया और बह गया। खतरे के निशान के ऊपर बह रही नदी
बारिश और हथनीकुंड बैराज से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण यमुना खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। तेज बहाव को देखते हुए ही एनडीआरएफ को तैनात किया गया है। जिला प्रशासन से नदी में न जाने की अपील की है। बावजूद इसके 500 रुपए की शर्त पर जुनैद ने नदी में छलांग लगा दी। भाई ट्रक ड्राइवर, खलासी था जुनैद
परिजनों ने बताया- जुनैद और उसका भाई प्राइवेट ट्रांसपोर्ट में काम करते हैं। बड़ा भाई ट्रक का ड्राइवर है। जबकि जुनैद खलासी था। रात में ही वह दूसरे शहर से लौटा था। —————————- ये खबर भी पढ़ें… मंत्री रजनी तिवारी को फोन मिलाऊं, पता चलेगा कौन हूं:हरदोई में बीजेपी नेता ने पुलिस को हड़काया यूपी के हरदोई में भाजपा नेता की तेज रफ्तार TUV कार ने एक ऑल्टो कार को टक्कर मार दी। ऑल्टो में सवार 3 लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस मौके पर पहुंची तो गलती मानने की बजाय भाजपा नेता दबंगई पर उतर आए। पढ़ें पूरी खबर…
500 रुपए की शर्त पर उफनाती यमुना में कूदा, VIDEO:बागपत में दोस्तों के सामने बह गया युवक, NDRF ने 3 KM तक तलाशा
