मुझे बचा लो पापा, ये मुझे मार डालेंगे:पानीपत में फोन पर गुहार के 2 घंटे बाद विवाहिता को पिलाया जहर, हालत गंभीर

Spread the love

पानीपत जिले के बुडशाम गांव में एक विवाहिता के साथ ससुराल पक्ष द्वारा दरिंदगी की सारी हदें पार करने का मामला सामने आया है। दहेज के लालच में ससुरालियों ने न केवल विवाहिता को प्रताड़ित किया, बल्कि जान से मारने की नीयत से उसे जहर पिला दिया। घटना से पहले पीड़िता ने अपने पिता को फोन कर अपनी जान की भीख भी मांगी थी। फिलहाल, विवाहिता इसराना के एनसी मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। शादी के 4 महीने बाद मारपीट शुरू समालखा पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 21 मई 2025 को बुडशाम के राहुल शर्मा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति राहुल, उसके भाई और भाभी ने दहेज के लिए बेटी को मारना-पीटना शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि पंचायत बुलानी पड़ी। पंचायत के फैसले के बाद विवाहिता करीब 6 महीने अपने मायके रही और अभी तीन दिन पहले ही वापस ससुराल लौटी थी। रात 2 बजे की कॉल- “पापा बचा लो” पिता ने बताया कि 12 अप्रैल की रात करीब 2 बजे उनकी बेटी का फोन आया, वह बुरी तरह रो रही थी और घबराई हुई थी। उसने कहा, पापा, ससुराल वाले मुझे जान से मारने का प्लान बना रहे हैं, मुझे बचा लो, मेरी जान को खतरा है। बेबस पिता कुछ समझ पाते या बेटी तक पहुंच पाते, उससे पहले ही अनहोनी हो गई। 2 घंटे बाद आया मौत जैसा बुलावा बेटी की कॉल के ठीक 2 घंटे बाद, सुबह करीब 4 बजे पिता के पास ससुराल पक्ष की ओर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि उनकी बेटी ने जहर पी लिया है (या उसे पिला दिया गया है)। बदहवास पिता तुरंत ससुराल पहुंचे और बेटी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एनसी मेडिकल कॉलेज, इसराना में भर्ती करवाया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पति, जेठ और जेठानी पर आरोप पिता का सीधा आरोप है कि उसकी बेटी को जहर उसके पति राहुल, उसके भाई और भाभी ने मिलकर पिलाया है। उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष लगातार उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था और पंचायत के वादे के बावजूद वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस समालखा थाना पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवाहिता के बयान दर्ज करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।