मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में 31 लोग घायल हुए हैं। बस नोएडा से दरभंगा (बिहार) जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, बस में करीब 100 यात्री सवार थे। हादसे में घायल यात्रियों को एम्बुलेंस और सरकारी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पढ़ें पूरी खबर… घोसी के पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर का निधन, 76 साल की उम्र में लखनऊ में ली अंतिम सांस मऊ की घोसी विधानसभा से विधायक और यूपी सरकार में कई पदों पर मंत्री रहे हरिनारायण राजभर का निधन हो गया। उन्होंने आज 76 साल की उम्र में लखनऊ के मैक्स हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। परिजनों ने बताया- शनिवार रात उनकी अचानक तबीयत खराब हुई थी। परिवार ने उन्हें आनन-फानन में लखनऊ के मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। रविवार सुबह उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बता दें, हरिनारायण राजभर पूर्वांचल के बड़े नेताओं में शुमार थे। वे बीजेपी से जुड़े हुए थे। दो बार विधायक, एक बार सांसद और यूपी सरकार में कई मंत्री पदों पर रह चुके थे। वे पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, राजनाथ सिंह और रामप्रकाश गुप्ता के बेहद करीबी माने जाते थे। पढ़ें पूरी खबर… सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर 5 गाड़ियां आपस में टकराईं, 2 दिन बाद पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर रविवार को अचानक ब्रेक लगने से 5 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। कई गाड़ियों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर 1.5 किमी लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु किया। 14 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी इसी एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे, ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही अलर्ट पर थीं। पढ़ें पूरी खबर… झांसी में 7 किलो चांदी के साथ युवक गिरफ्तार, बॉडी पर टेप से 6.20 लाख रुपए बांधे था झांसी में 7 किलो चांदी के बिस्कुट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। युवक के पास 6.20 लाख रुपए भी मिले, जिन्हें उसने टेप की मदद से अपने शरीर से चिपका रखा था। पूछताछ में युवक ने खुद को कोरियर बॉय बताया और कहा कि वह मथुरा से दिल्ली सप्लाई देने जा रहा था। शनिवार को जीआरपी को सूचना मिली कि उत्कल एक्सप्रेस (18477) के जनरल कोच में एक युवक बोरी में संदिग्ध माल लेकर यात्रा कर रहा है। सूचना के बाद झांसी स्टेशन पर जीआरपी ने जांच-पड़ताल की। पूछताछ के दौरान युवक इन सामानों से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पढ़िए पूरी खबर… मंत्री राजभर बोले- अखिलेश मुगलों की तारीफ से नहीं चूके, सपा को खास वर्ग ही नजर आता है जयपुर में सपा मुखिया अखिलेश यादव के दिए बयान पर यूपी सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने रविवार को पलटवार किया। कहा- सपा नेता यूपी के बाहर गए तो वहां भी मुगलों की तारीफ करने से नहीं चूके। यूपी की प्रशंसा उनसे नहीं होती। राजस्थान की धरती वीरता और बलिदान का प्रतीक है, लेकिन सपा नेताओं को वहां का गौरवशाली इतिहास नजर नहीं आया। वे तथ्यों से हटकर बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा- पिंक रंग को लेकर सपा राजनीति कर रही, जबकि भाजपा के कमल के निशान में भी यह रंग है। जब सपा विपक्ष में रहती है, तो उसकी भाषा अलग होती है, लेकिन सत्ता में आते ही उनका नजरिया बदल जाता है। सत्ता में रहते हुए सपा नेताओं को सिर्फ एक खास वर्ग दिखाई देता है। वे समाज में विभाजन की राजनीति करते हैं। बता दें कि अखिलेश ने शनिवार को कहा था कि अब भाजपा से मुकाबला सिर्फ राजनीतिक दल नहीं, बल्कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय करेगा। असली संतों और नकली संतों के बीच फर्क समझना जरूरी है। उन्होंने कहा था- जयपुर ने जो रंग अपनाया है, वो पिंक अपनाया है। पिंक रंग भी हार्मोनी का रंग है, जब लाल और सफेद मिल जाता है तो पिंक बन जाता है। प्रयागराज में वृद्धा की गला दबाकर हत्या; बेटी बोली- जमीन के लिए बदमाशों ने मार डाला, घर के अंदर सो रही थी नातिन प्रयागराज में एक वृद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या की जानकारी रविवार की सुबह नातिन को हुई तो उसने शोर मचाया। इसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नातिन घर के अंदर सो रही थी, जबकि नानी कस्तूरा देवी (62) घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी। बेटी ऊषा ने कहा- मां को जमीन के लिए आरोपियों ने मार डाला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं। वारदात मांडा थाना क्षेत्र के बबुरा गांव की है। पढ़िए पूरी खबर झांसी में छात्रा का गैंगरेप-मर्डर करने वालों का एनकाउंटर, 2 के पैर में मारी गोली, कुएं में लाश फेंकी थी झांसी में गैंगरेप के बाद नाबालिग छात्रा की हत्या के दो आरोपियों को पुलिस ने शनिवार देर रात मुठभेड़ में पकड़ लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया है। पुलिस के मुताबिक, 2 अप्रैल को छात्रा घर से बिना बताए एक युवक को पैसे भेजने गई थी। लौटते समय दोनों आरोपियों ने उसे अकेला देखकर घर के अंदर खींच लिया। दोनों ने उसके साथ रेप किया। छात्रा ने उनसे कहा कि घर जाकर मां को सबकुछ बता दूंगी। इससे डरकर दोनों ने उसका दुपट्टे से गला घोंट दिया और शव कुएं में फेंक दिया था। 7 अप्रैल को कुएं से लाश बरामद हुई थी। आरोपियों के पास से छात्रा का मोबाइल समेत 3 फोन, 2 तमंचा, कारतूस आदि बरामद हुए हैं। पूरा मामला उल्दन थाना क्षेत्र का है। आरोपियों की पहचान निमौनी गांव निवासी शैलेंद्र अहिरवार (28) और ठाकुरदास रायकवार (28) के रूप में हुई है। पढ़ें पूरी खबर… अलीगढ़ में आईडी हैक होने पर ट्रेन के आगे कूदा युवक, दो पन्नों के सुसाइड नोट में लिखा- हैकर ने कंट्रोल कर ली मेरी जिंदगी अलीगढ़ के शिवलोक कॉलोनी में युवक ने आईडी हैक होने और निजी डेटा लीक होने के डर से जान दे दी। 27 साल के ललित ने शनिवार तड़के ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को दो पन्नों का अंग्रेजी में लिखा नोट मिला। इसमें उसने अपनी ईमेल और सोशल मीडिया अकाउंट्स हैक होने का जिक्र किया है। उसने लिखा है कि 7 अप्रैल के बाद उसकी डिजिटल लाइफ पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गई थी, संदिग्ध नंबरों से अकाउंट एक्सेस किए गए। उसे निजी जानकारी सार्वजनिक होने का डर सताने लगा था। पुलिस जांच में सामने आया कि ललित देर रात घर से निकला और तड़के करीब 4:18 बजे डोरी नगर के पास अप वैशाली एक्सप्रेस के सामने कूद गया। पढ़ें पूरी खबर… 3 IPS के ट्रांसफर, विधायक से विवाद के बाद प्राची सिंह को अंबेडकर नगर का एसपी बनाया गया यूपी शासन ने शनिवार शाम 2 जिलों के पुलिस कप्तान समेत 3 आईपीएस अफसरों के तबादले कर दिए। सिद्धार्थनगर से विधायक के साथ विवाद के बाद हटाई गईं प्राची सिंह को अंबेडकर नगर जिले का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है। यहां तैनात अभिजीत आर. शंकर को देवरिया भेजा गया है। वहीं, देवरिया में तैनात संजीव सुमन को साइड लाइन कर दिया गया है। उन्हें डीजीपी मुख्यालय से अटैच किया गया है। देवरिया में हाल ही में एक दलित लड़की धारदार हथियार से गला रेत दिया गया था। इस मामले में पुलिस की हीला-हवाली सामने आई थी। इसके अलावा एक महिला से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हो गया था। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में कुछ युवकों ने एक महिला को रास्ते में रोक लिया था। इसके अलावा पिछले महीने ही देवरिया में दो पुलिसकर्मियों को नौकरी दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इन सबके चलते संजीव सुमन को हटाया गया है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी बोले- आजम खान और मेरी बराबरी नहीं, वह मेरे बड़े भाई ‘आजम खान और मेरी बराबरी की बात हो ही नहीं सकती। उनकी बराबरी कोई नहीं कर सकता। वे मेरे बड़े भाई हैं और रहेंगे, मेरे सीनियर हैं और रहेंगे। मुझसे ज्यादा काबिल हैं और रहेंगे। फिर उनकी मुझसे किस तरह की बराबरी हो सकती है।’ ‘एसआईआर कराने वाला कौन है? यह चुनाव आयोग ने कराया है। यह चुनाव आयोग नहीं, यह भाजपा के हाथ की कठपुतली है। कर्मचारियों को आदेश दिया गया कि किसके वोट काटने हैं। इसके लिए अभियान चलाया गया है। यह एसआईआर नहीं, धोखा है।’ यह बातें सपा नेता व यूपी सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कानपुर में कहीं। शनिवार को वह यहां अलग-अलग कई कार्यक्रम में पहुंचे। होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने सपा विधायकों के साथ बैठक भी की। पूरी खबर पढ़ें
यूपी की बड़ी खबरें:मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 31 यात्री घायल
