फरीदाबाद जिले में रविवार सुबह 3 छोटी दुकानों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। आग लगने से दुकानों में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार प्रेस कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास टीनशेड की छोटी-छोटी दुकानें हैं। रविवार सुबह अचानक एक दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दुकान मालिक और फायर ब्रिगेड को दी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया गया। पड़ोसी दुकानदारों ने फोन करके दी सूचना दुकान मालिक महेंद्र ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10:15 बजे पड़ोसी दुकानदारों से फोन के माध्यम से सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लगी हुई है और अंदर से तेज धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही वह करीब 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि उनकी दुकान के आसपास काफी भीड़ जमा थी और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई थीं। रात में दुकान बंद करके गया था मालिक महेंद्र ने बताया कि उनकी दुकान में प्लास्टिक का सामान और कुछ स्टील के बर्तन रखे हुए थे। वह रोजाना अपनी दुकान दोपहर में खोलते हैं, लेकिन रविवार होने के कारण उन्होंने दुकान शाम को खोलने का सोचा था। उन्होंने बताया कि वह शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे और दुकान की बिजली का मेन स्विच भी बंद कर दिया था। ऐसे में आग किस कारण लगी, यह उन्हें समझ नहीं आ रहा है। कपड़े, बर्तन और प्लास्टिक का सामान रखा था उन्होंने बताया कि आग लगने से उनकी दुकान का लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि वह जवाहर कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते हैं और यही दुकान उनके परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा थी। आग की चपेट में पास की एक और दुकान भी आ गई, जिसमें कपड़े, बर्तन और प्लास्टिक का सामान रखा हुआ था। उस दुकान का भी काफी सामान जल गया। वहीं तीसरी दुकान का भी कुछ सामान आग की चपेट में आकर जल गया है। दोनों दुकानों के मालिक भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गए थे। फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि जैसे ही आग लगने की सूचना पुलिस को मिली, पुलिस टीम तुरंत फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंच गई थी। फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने की घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि दुकानों में रखा सामान जलने से दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। दुकान बंद होने के कारण आग किस वजह से लगी, इसका पता लगाया जा रहा है।
फरीदाबाद में 3 दुकानों में लगी आग:सामान जलकर हुआ राख, शॉर्ट सर्किट से हादसा, पड़ोसी दुकानदार ने धुआं उठता देखा
