सतगावां थाना क्षेत्र के कटैया ढाब निवासी एक युवक की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय इंद्रदेव यादव, पिता कैलाश यादव के रूप में की गई है। वह पेशे से राज मिस्त्री था। इन दिनों पोखरडीहा मोड़ स्थित एक होटल (पूजा होटल) में काम कर रहा था। शनिवार को होटल में भोजन करने के बाद उसकी अचानक मौत हो गई। पुलिस को करंट लगने का संदेह है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। खाना खाने के बाद चारपाई पर गिरा मिला मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को इंद्रदेव यादव पूजा होटल में मछली-भात खाने गया था। खाना खाने के बाद जैसे ही वह होटल से बाहर निकला, पास में रखी चारपाई पर गिर गया। होटल कर्मियों ने जब उसे देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। पास जाकर देखने पर वह मृत पाया गया। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना सतगावां थाना को दी गई। पुलिस को करंट लगने का संदेह सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सौरव शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मृतक के दाहिने हाथ की कोहनी और पेट पर जख्म के निशान पाए गए। वहीं, घटनास्थल पर लगे पंखे का तार टूटा हुआ मिला, जिससे यह संदेह गहराया है कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा राज थाना प्रभारी सौरव शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हर पॉइंट पर बारीकी से जांच की जाएगी। मृतक के परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। परिवार में मचा कोहराम इंद्रदेव की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन लगातार रो-रोकर बेहाल हैं। मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गया है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर कई तरह की अटकलें लगा रहे हैं।
कोडरमा के होटल में मृत मिला युवक:चारपाई पर गिरा मिला था मृतक, शरीर पर जख्म के निशान, पंखे का टूटा तार बढ़ा रहा संदेह
