पानीपत में नवविवाहिता ने लगाया फंदा:4 महीने पहले सोनीपत में हुई थी शादी; दो दिन पहले पति ने पीटकर घर से निकाला

Spread the love

पानीपत शहर के NFL विकास नगर (गली नंबर 2) में एक 24 वर्षीय नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान प्रीति के रूप में हुई है, जो मूलरूप से गांव सींक की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रही थी। परिजनों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। 30 नवंबर को हुई थी शादी, पति वेल्डर प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रीति की शादी 30 नवंबर 2025 को सोनीपत के गांव सांधल कलां के दीपांशु के साथ हुई थी। दीपांशु एक निजी कंपनी में वेल्डर का काम करता है। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दीपांशु और उसके परिवार ने प्रीति को दहेज के लिए तंग करना शुरू कर दिया था। कार की मांग को लेकर पीटता था पति मृतका के परिजनों ने बताया कि दीपांशु अक्सर प्रीति से कार की मांग करता था। मांग पूरी न होने पर वह प्रीति के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। दीपांशु के जुल्मों से प्रीति काफी मानसिक और शारीरिक तनाव में थी। मारपीट कर घर से निकाला, मायके में दी जान घटनाक्रम के अनुसार, 8 अप्रैल को आरोपी दीपांशु ने प्रीति के साथ फिर से मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। बदहवास प्रीति ने अपनी मां को फोन कर आपबीती सुनाई, जिसके बाद मां उसे लेने ससुराल पहुंची और वापस पानीपत ले आई। मायके आने के बाद से ही प्रीति गहरे सदमे और मानसिक परेशानी में थी। इसी परेशानी के चलते 9 अप्रैल की रात को उसने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव इस बारे में सेक्टर 29 थाना पुलिस प्रभारी सुभाष ने बताया कि मायका पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी पति समेत ससुरालयों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है।