कुरुक्षेत्र जिले के अमीन गांव में युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। पशुओं के बाड़े में लोहे के गाटर पर रस्सी के साथ उसका शव लटका मिला। युवक सुबह-सुबह बाड़े में भैंसों का दूध निकालने के लिए आया था। काफी देर तक युवक घर नहीं आया, तो बाड़े का मालिक मौके पर पहुंचा। हालांकि घटना की वजह साफ नहीं हुई। उसने अरुण (18) को फंदे पर लटके देखा, तो तुरंत उसके मां-बाप को मौके पर बुला लिया। अरुण अमीन गांव के डेरा रामपुरा में एक परिवार के पास काम करता था। अरुण मूल रूप से करनाल जिले के नलीपार गांव का रहने वाला था। अरुण का परिवार अमीन गांव में किसी दूसरे किसान के पास काम करता है। 2 साल से कर रहा था काम गज्जन सिंह निवासी नलीपार ने बताया कि अरुण उसका दूसरा बेटा था। उसका परिवार पिछले करीब 10 साल से अमीन गांव में नरेश कुमार के पास नौकरी कर रहा है और यहीं रहता है। अरुण करीब 2 साल से पूर्ण सिंह के पास काम कर रहा था। सुबह उसके पास जयभगवान और हरदीप सिंह आए थे। बोले- अरुण की तबीयत ज्यादा खराब उन्होंने बताया कि अरुण की तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई है, इसलिए हमारे अरुण के पास चलो। मैं अपनी पत्नी दर्शना को साथ लेकर उनके साथ कार में बैठकर डेरे पर आ गया। यहां पशुओं के बाड़े में आकर देखा, तो अरुण बाड़े के अंदर बने कमरे में छत के लोहे के गाटर पर रस्सी के साथ फंदे से लटका हुआ है। पुलिस ने की इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज घटना करीब सुबह साढ़े 5 बजे की है। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना केयूके पुलिस ने गज्जन सिंह के बयान पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुरुक्षेत्र में युवक ने फंदा लगाकर दी जान:पशुओं के बाड़े में गाटर पर लटका मिला शव, किसान के पास करता था काम
